15 दिन से डाहौला में लोगों के कंठ सूखे
अमर उजाला ब्यूरो
अलेवा। शामदो माइनर में पिछले 15 दिन से पानी नहीं आने और डाहौला गांव के जलघर की मोटर खराब होने से लोग पेयजल के लिए एक-एक बूंद को तरस रहे हैं। हैरानी की बात है कि सिंचाई विभाग और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इस समस्या से अनजान हैं। हालांकि अब अमर उजाला द्वारा मामला संज्ञान में लाए जाने के बाद अधिकारी समस्या दूर करने का आश्वासन दे रहे हैं।
दरअसल डाहौला गांव के लोगों को पेयजल के लिए जलघर का ही सहारा है। शामदो माइनर से गांव के जलघर में पानी की आपूर्ति की जाती है। वहीं नहरी पानी की कमी होने पर सबमर्सिबल की सुविधा भी है, लेकिन यह सरकारी व्यवस्थाओं का शिकार हो चुका है। ऐसे में लोगों के कंठ पिछले 15 दिन से सूखे हैं और अधिकारी अनजान बने हुए हैं।
नहीं मिल रहा पानी
ग्रामीण सुरेश कुमार, भिखू राम, राजेश कुमार, कंवरभान, रामसिंह पूनम, बेदो, गीता, सुदेश रानी ने बताया की गांव का अधिकांश क्षेत्र मुख्य जलघर के पानी पर निर्भर है लेकिन विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों पिछले पंद्रह दिनों से पानी की घूंट तक नही मिल रही है। इससे लोगों का जीवन आफत बन चुका है। फिलहाल माइनर में पानी नहीं आने से जलघर के टैंक सूख चुके हैं और गांव में सप्लाई नहीं हो पा रही है।
जन स्वास्थ्य विभाग की अव्यवस्था
गांव के जलघर मे एक सबमर्सिबल पंप नौ इंची लगा हुआ है, उसमें दस एचपी की मोटर ढली होने के कारण समर्सीबल पंप से रेत निकलना शुरू कर देता है। इससे पंप मे पांच एचपी की मोटर डाली गई है, लेकिन इससे पानी नहीं निकल पा रहा है।
ग्रामीण पूनम ने बताया की गांव में भूमिगत पानी खराब है। इससे अधिकांश लोग जलघर के पानी पर निर्भर है। विशेष तौर पर गरीब तबका जलघर पर भी निर्भर है। विभाग इस समस्या की तरफ ध्यान नहीं देकर गरीब लोगों को प्यासा देख रहा है।
अधिकारियों को करवाया अवगत
गांव के सरपंच कलीराम के अनुसार ग्राम पंचायत इस समस्या को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सीइएन से मिलने गई थी, लेकिन अधिकारी नहीं मिले उनके रीडर को गांव समस्या अवगत करा दिया था। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुआ है। सोमवार को फीर जन
स्वास्थ्य व पूंडरी कैथल नहर विभाग के अधिकारियों से मिला जाएगा ।
संज्ञान में नहीं मामला
जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सीइएन हरभजन सिंह ने बताया कि उनको इस मामले की जानकारी नहीं है। सोमवार को तुरंत प्रभाव से गांव में पेयजल मुहैया करवाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। लोगों को कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
अगर इस प्रकार की समस्या लोगों को आ रही है तो जल्द ही शामदो माइनर मे पानी छोड़कर लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा। सिंचाई विभाग इस पर जल्द कार्रवाई करेगा।
बीडी जागलान, एक्सईएन सिंचाई विभाग पुंडरी।