पानीपत, यमुनानगर व जींद वारदातों में शामिल भगौड़ा बागड़ा गैंग का गुर्गा नीरज गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और अन्य वारदातों में वांछित भगौड़ा चल रहा रणदीप उर्फ काला बागड़ा गैंग के सदस्य गांव पाड़ा करनाल निवासी नीरज को सीआईए पुलिस ने काबू किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के लिए रिमांड पर लिया है ताकि अन्य वारदातों का पता चल सके। सीआईए टीम इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली की नीरज जो की रणदीप उर्फ काला बागड़ा गैंग का सदस्य हैं वह जींद में घूम रहा हैं। अगर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे तो आरोपी को काबू किया जा सकता है। पुलिस ने सूचना मिलते ही तत्परता से कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी नीरज को काबू कर लिया। आरोपी को मंगलवार अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
नीरज के खिलाफ पानीपत व यमुनानगर में तीन मुकदमे दर्ज
सीआईए टीम इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी नीरज के खिलाफ जींद, पानीपत व यमुनानगर में हत्या का प्रयास व लूट की वारदातों के तीन मुकदमे दर्ज हैं। इन सभी मामलों में आरोपी भगौड़ा बना हुआ हैं। नीरज ने कुछ माह पहले पानीपत के एक ज्वैलर्स को गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था तथा इस मामले में आरोपी फरार चल रहा था। इसी प्रकार यमुनानगर में भी हत्या के प्रयास में यह फरार हैं। जींद में भी शराब के ठेकेदार मनोज को भी जान से मारने की नियत से गोली मारी थी। इस मामले में भी नीरज फरार बना हुआ था।