यूपी की टीम ने दिल्ली को को दी पटकनी
अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। युवा क्लब गतौली द्वारा आयोजित तीन दिवसीय नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता में रविवार को दूसरे राउंड के मुकाबले हुए। यूपी की अलीपुर की टीम ने दिल्ली के एकता क्लब को एक अंक से हराकर तीसरे राउंड में प्रवेश किया। दूसरे दिन मुख्यातिथि के रूप में कांग्रेस के युवा जिला उपाध्यक्ष रोहित दलाल शिरकत की और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया।
दूसरे दिन हुए दूसरे राउंड के मुकाबलों में सीआर सीनियर सेकेंडरी स्कूल गतौली की टीम ने करेला गांव की टीम को 29 अंकों से करारी शिकस्त दी। रिढ़ाना की टीम ने कथूरा की टीम को तीन अंकों से हराया। बड़नपुर की टीम ने भरैण-गौरखपुर की टीम को 15 अंकों से, पौली ने भैणी अमीरपुर को 15 अंकों से, हथवाला की टीम ने चौसाल की टीम को 10 अंकों से, मकड़ौली ने लाखनमाजरा की टीम को आठ अंकों से, रतनगढ़ की टीम ने रूपगढ़ को छह अंकों से, करसोला ने शामलो कलां की टीम को 12 अंकों से और सिवानमाल की टीम ने राथल की टीम को 26 अंकों से पटकनी दी। रोहित दलाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि हार व जीत तो सिक्के के दो पहलू हैं। हार से कभी निराश नहीं होना चाहिए बल्कि प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए और जोरदार प्रदर्शन करना चाहिए। ग्रामीण आंचल में इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन अवश्य करवाना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीआर स्कूल गतौली के चेयरमैन जितेंद्र ढांडा ने की। इस अवसर पर पूर्व सरपंच भीम सिंह, न्यू डीवी स्कूल के संचालक रामबीर, धूम सिंह, जयभगवान, बिजेंद्र चहल, फूल सिंह, प्रताप फौजी, पीटीआई वजीर सिंह, महेंद्र सिंह, हवा सिंह मौजूद रहे।