सब्जी मंडी में सिलिंडर में आग लगने से पिता-पुत्र झुलसे, पीजीआई रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। नई सब्जी मंडी मंगलवार सुबह चाय की एक दुकान में गैस सिलिंडर में आग लगने से पिता-बेटा आग से झुलस गए। सिलिंडर में आग लगते ही मंडी में हड़कंप मच गया। इसके बाद मंडी में मौजूद लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने से पहले ही दुकानदारों ने पानी के माध्यम से आग पर काबू पाया। आग से झुलसे पिता-पुत्र को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। यहां चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
ओमनगर निवासी रामभगत नई सब्जी मंडी में चाय की दुकान चलता है। मंगलवार सुबह वह अपने बेटे संदीप के साथ दुकान पर काम कर रहा था। जब वह चाय बनाने में लगे हुए थे तो अचानक ही सिलिंडर ने आग पकड़ ली और सिलिंडर से तेजी से गैस निकलने के कारण आग भड़क गई। इस दौरान उसका पिता रामभगत व संदीप के कपड़ों ने आग पकड़ ली। सिलिंडर की आग से दुकान के ऊपर बनाई गई लकड़ी की छत ने भी आग पकड़ ली। मंडी के दुकानदारों ने बताया कि रामभगत एक दिन पहले ही सिलिंडर लेकर आया था, लेकिन गैस लीक थी, लेकिन रामभक्त ने इस पर ध्यान नहीं दिया। इसी के चलते आग पकड़ ली। दोनों बाप-बेटे को गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। यहां से चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है।