जुलाना। मिड-डे-मील वर्करों ने जुलाना के पुराने बस स्टैंड पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सीएम व पीएम का पुतला फूंका। मिड-डे-मील योजना को पंचायतों को देने के विरोध में मिड-डे-मील वर्कर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में इकट्ठी हुई। बैठक की अध्यक्षता रेखा ने की। केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सीटू प्रधान सुभाष पांचाल ने कहा कि सरकार मिड-डे-मील योजना को ही खत्म करना चाहती है और सरकार ने अब मिड-डे-मील योजना को पंचायतों के हवाले करने का फैसला लिया है, यह वर्करों के ऊपर कुठाराघात है। इसको किसी भी कीमत पर बर्दास्त नहीं किया जाएगा। आठ मार्च को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। कर्मचारी नेता संजय गिल ने कहा कि मिड-डे-मील वर्करों को लंबे समय से पक्का करने की मांग की जा रही है। देश के तमाम राज्यों में मिड-डे-मील योजना शिक्षा विभाग के तहत चल रही है। पंचायतों को यह जिम्मा सौंपना तुगलकी फरमान है। इस अवसर पर अनीता, सुदेश, रानी, संतोष, रामप्यारी, अंगूरी, प्रेमरतन, सोनिया, रामप्यारी, सुनीता, निर्मला, दर्शना, सीमा, रामरति सहित काफी संख्या में आशा वर्कर मौजूद रही।