जींद। गांव गुरुकुल खेड़ा के राजकीय हाई स्कूल में दसवीं कक्षा के एक 14 वर्षीय छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह पढ़ाई में कमजोर था। परिवार के लोग उसे पढ़ाई के लिए टोकते रहते थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
उचाना थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि 14 वर्षीय अंकुश अपने ही गांव गुरुकुल खेड़ा के राजकीय हाई स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र था। वह पढ़ाई में कमजोर था। इस कारण परिवार के लोग उसे पढ़ाई करने के लिए बार-बार टोकते रहते थे। इस कारण वह कुछ परेशान रहने लगा था। इसी परेशानी में उसने शनिवार सुबह साढ़े 8 बजे स्कूल के एक कमरे में रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। स्कूल के अध्यापकों ने जब उसे फंदे पर लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे फंदे से उतारकर नागरिक अस्पताल उचाना पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पुलिस की फोरेंसिक टीम भी पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
जिम के सामान रखने वाले कमरे में लगाई फांसी
अंकुश सुबह 8 बजे घर से निकला था। स्कूल में एक अलग कमरा बना हुआ है, जिसमें जिम का सामान रखा है। इस कमरे में सुबह व शाम को ही बच्चे आते हैं। कमरा पूरी तरह से खाली था। वहां पड़ी रस्सी से उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने बताया कि वह पढ़ाई में कमजोर था, इसलिए उसे टोका जाता था। इसी कारण उसने आत्महत्या कर ली। -पवन कुमार, उचाना थाना प्रभारी।