संवाद न्यूज एजेंसी
उचाना। उचाना विधानसभा क्षेत्र के पांच गांवों में श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन के तहत पेयजल योजना पर 10 करोड़ 26 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे पेयजल व्यवस्था में सुधार होगा और गांवों में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा।
जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव नचार खेड़ाए भगवानपुराए दरोली खेड़ाए उचाना खुर्द और खेड़ी मसानिया में नहरी पानी आधारित पेयजल योजना को लेकर 10 करोड़ 26 लाख रुपये के टेंडर जारी किए गए हैं। उचाना विधानसभा क्षेत्र के जिन गांवों में पेयजल से संंबंधित समस्या चल रही है और जिन गांवों में नहरी पानी पर आधारित जलघर नहीं बने हैंए उन गांवों पर ध्यान केंद्रित करते हुए जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा परियोजना तैयार की जा रही है। एक चरण में मखंड के पास से बड़ौदा, खटकड़, कहसून, कालता, भौंसला, मोहनगढ़ छापड़ा, धनखड़ी, कुचराना खुर्द, कुचराना कला, छात्तर और थुआ तक पेयजल की पाइप लाइन बिछाई जा रही है। इस पर करीब 65 करोड़ रुपये खर्च होगा। वहीं दूसरे चरण में उचाना खुर्द, नचार खेड़ा, भगवानपुरा, खेड़ी मसानिया और दरोली खेड़ा गांव में भी पेयजल परियोजना पर काम शुरू कर दिया जाएगा। श्यामा प्रसाद रूर्बन मिशन के तहत इन गांवों में जलघर से लेकर पाइप लाइन दबाने का काम किया जाएगा।
इन पांच गांवों के लिए लगाया 10.26 करोड़ रुपये का टेंडर
उचाना विधानसभा क्षेत्र के उचाना खुर्द, नचार खेड़ा, भगवानपुरा, दरोली खेड़ा और खेड़ी मसानिया में पेयजल परियोजना पर 10 करोड़ 26 लाख रुपये के टेंडर जारी किए गए हैं। इसके तहत नचार खेड़ा गाव में नए जलघर का निर्माण किया जाएगा। अब तक दूसरे गांव के जलघर से ही नचार खेड़ा गांव में पेयजल की सप्लाई दी जा रही थी। बाकी गांवों में पेयजल की पाइप लाइन बिछाई जाएगी और नजदीकी नहर से पानी की पाइपलाइन बिछाकर इन गांवों तक लाई जाएगी। इसके बाद इन गांवों को भी नहरी पानी पर आधारित पेयजल सप्लाई मिल जाएगी।
कोट
पांच गांवों में श्यामा प्रसाद रूर्बन मिशन योजना के तहत पेयजल परियोजना पर 10 करोड़ 26 लाख रुपये के टेंडर जारी किए गए हैं। इन टेंडरों के खुलने के बाद जल्द ही काम शुरू करवाने का विभाग का प्रयास रहेगा।
गुरमीत, एक्सईएन जनस्वास्थ्य विभाग नरवाना।