दिव्यांगों को वोट डालने और वापस घर तक छोड़ने के लिए प्रशासन करेगा प्रबंध
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। इस बार दिव्यांगों को वोट डालने में किसी भी प्रकार की परेशानी जिला प्रशासन नहीं होने देगा। इनके लिए प्रशासन ने मतदान केंद्र तक लाने और वापस घर तक छोड़ने के लिए सभी प्रबंध किए हैं। यह जानकारी डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने लघु सचिवालय में लोकसभा चुनाव को लेकर आयोजित अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
डीसी ने कहा कि दिव्यांग तथा अति वृद्ध मतदाताओं का मतदान सुनिश्चित करने के लिए कर्मी ऐसे मतदाताओं को घर से मतदान केंद्र तक लेकर आएं और वापस उन्हें घर छोड़े। उन्होंने संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह ऐसे मतदाताओं का मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्हील चेयर, ट्राई साइकिल के प्रबंध करे। उन्होंने नेहरू युवा केंद्र तथा जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि ऐसे मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक लाने के लिए हर गांव में एनएसएस तथा नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों की टीमें गठित करे। डीसी ने कहा कि हर गांव में कम से कम एक व्हील चेयर होनी चाहिए।
बेहतर कार्य करने वाले युवाओं को किया जाएगा सम्मानित
चुनाव में अच्छा कार्य करने वाले एनएसएस तथा नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र के दिव्यांग तथा अति वृद्ध मतदाताओं की सूची तैयार करना सुनिश्चित करें, ताकि समय रहते तमाम प्रकार के प्रबंध पूरे किए जा सकें।
लोकसभा चुनाव को निष्पक्ष पारदर्शी एवं शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न करवाने के उद्देश्य डीसी डॉ. आदित्य ने फ्लाइंग स्क्वाड तथा सेक्टर मजिस्ट्रेटों, जोनल अधिकारियों की संख्या को भी बढ़ाया है। पहले प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए तीन-तीन फ्लाइंग स्कवैड टीमें लगाई गई थी। अब इनकी संख्या बढ़ाकर छह-छह कर दी गई हैं। सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा जोनल अधिकारियों की भी संख्या बढ़ाकर 85 स्क्वाड कर दी गई है।