जेजेपी के सत्ता में आने पर पहली कलम से माफ होगा किसानों का कर्ज : नैना
अमर उजाला ब्यूरो
पिल्लूखेड़ा। प्रदेश में जननायक जनता पार्टी की सरकार बनने पर पहली कलम से किसानों और कमेरे वर्ग का कर्ज माफ किया जाएगा। ट्यूबवेल का बिजली बिल माफ किया जाएगा। हर घर से एक व्यक्ति को रोजगार दिया जाएगा। यह बात शनिवार को कालवा गांव में हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रम में नैना चौटाला ने कही.
उन्होंने कहा कि जेजेपी की सरकार बनने पर महिलाओं के मुफ्त इलाज की व्यवस्था की जाएगी। अस्पतालों में महिला चिकित्सकों के खाली पड़े पदों को भरा जाएगा। सरकारी स्कूलों में प्राइवेट स्कूलों से बेहतर शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी, ताकि सरकारी स्कूल को नंबर एक पर लाया जा सके। उन्होंने आह्वान किया कि लोकसभा और विधानसभा के चुनाव में जेजेपी के ज्यादा से ज्यादा सांसद व विधायक बनाने के लिए एकजुट हो जाएं। नैना ने कहा कि भाजपा ने लाखों नौकरियां देने का वायदा किया था, लेकिन 30 हजार लोगों को ही अब तक नौकरी दे पाई है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि प्रत्येक महिला पार्टी संगठन के साथ 10-10 महिलाएं जोड़ें, संगठन मजबूत होने से पार्टी मजबूत होगी और वर्ष 2019 में जनता के आशीर्वाद से पूर्ण बहुमत में जजपा सत्ता में आएगी। इस अवसर पर महिला प्रदेशाध्यक्ष शीला भ्याण, जिला प्रधान कृष्ण राठी, जिला परिषद चेयरमैन पद्मा सिंगला, निर्मला राठी, विनोद सिंगला, बलजिंद्र सरड़ा, शमशेर खातला, कुलदीप सिहाग, सुमित्रा गोयत, उर्मिला मलिक, सुनीता ढुल मौजूद रहे।