गन्ने की रोपाई पर कृषि विभाग दे रहा तीन हजार रुपये अनुदान
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। कृषि तथा कल्याण विभाग द्वारा गन्ने की प्रमाणित किस्म के प्रति किसानों का रुझान बढ़ाने के लिए अनुदान दे रहा है। किसान को प्रति एकड़ तीन हजार रुपये की राशि अनुदान के रूप में दी जाएगी। इस योजना का लाभ पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किसानों को दिया जाएगा। इसके लिए विभाग ने किसानों से ऑन लाइन आवेदन मांगें हैं। किसान विभाग की एग्री हरियाणा की वेब साइड पर 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यदि 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन में विभाग का लक्ष्य पूरा नहीं होता है तो विभाग इसके बाद इसके लिए किसानों से ऑफ लाइन आवेदन मांग सकता है। किसानों द्वारा चार विधियों से गन्ने की बिजाई की जाती है। इसलिए विभाग द्वारा चारों विधियों से बिजाई करने वाले किसानों के लिए अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गन्ने की बजाई के लिए 336 एकड़, एक आंख वाले बीज से गन्ने की बिजाई करने के लिए भी 336 एकड़, अन्य फसलों के साथ गन्ने की बिजाई करने के लिए 336 एकड़ तथा गड्डा विधि से बिजाई करने पर 176 एकड़ का लक्ष्य रखा गया है। कृषि तथा कल्याण विभाग ने गन्ने की सीओएच 160 व सीओ 0118 किस्म को भी प्रमाणित किस्म की श्रेणी में शामिल किया है। अब किसान इन दोनों किस्मों की बिजाई भी कर सकते हैं। इन दोनों किस्मों पर भी विभाग द्वारा किसानों को अनुदान दिया जाएगा।
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिलेगा अनुदान
गन्ने की प्रमाणित किस्मों की तरफ किसानों का रुझान बढ़ाने के लिए विभाग ने गन्ने की प्रमाणित किस्मों की बिजाई पर अनुदान देने का निर्णय लिया है। विभाग द्वारा प्रमाणित किस्मों की बिजाई पर किसान को प्रति एकड़ तीन हजार रुपए का अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए 30 नवंबर तक किसान विभाग की एग्री हरियाणा की वेबसाइट पर अपने आवेदन कर सकते हैं। यदि 30 नवंबर तक लक्ष्य पूरा नहीं होता है तो इसके बाद विभाग किसानों से ऑफ लाइन आवेदन मांगेगा। इस योजना का लाभ किसान को पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगा।
डॉ. अनिल नरवाल, सहायक गन्ना विकास अधिकारी जींद।