अमर उजाला ब्यूरो
जींद। कई दिन से पड़ रही भयंकर गर्मी से शनिवार दोपहर बाद हुई तेज बारिश ने निजात दिलवा दी। मौसम के बदले तेवर से शनिवार दोपहर साढ़े तीन बजे दिन में ही रात जैसे हालात हो गए। करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवा के साथ तेज बारिश से कई जगह पेड़ गिरने से बिजली व यातायात व्यवस्था बाधित हुई। वहीं शहर के निचले क्षेत्रों में जलभराव के कारण लोगों को परशानी उठानी पड़ी।
हालांकि शनिवार को सुबह से ही मौसम अन्य दिनों के मुकाबले काफी ठीक था, लेकिन दोपहर होते-होते बारिश के आसार बन गए। दोपहर तीन बजे आसमान घटाओं से घिर गया और साढ़े तीन बजे एकाएक अंधेरा छा गया।
इसके बाद शुरू हुई तेज बारिश का लोगों जमकर लुत्फ उठाया। वहीं शहर के निचले क्षेत्रों में जलभराव ने पहली ही बारिश ने प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी। शहर के पटियाला चौक, स्कीम नंबर पांच छह, लक्ष्मी नगर, देवीलाल नगर, अजमेर बस्ती, रोहतक रोड सहित अर्बन एस्टेट जैसे पॉश क्षेत्रों में भी गलियों में पानी भर गया।
जुलाना में सबसे अधिक बारिश
राजस्व विभाग के अनुसार जुलाना में 30 एमएम, जींद में 15 एमएम, उचाना में 15, नरवाना में 18 व सफीदों में 22 एमएम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी बारिश होने की आशंका है।
किसानों को होगा लाभ
कृषि विकास अधिकार विकास कुमार के अनुसार बारिश से किसानों काफी लाभ होगा। विशेष कर कपास की फसल अधिक तापमान के चलते खराब हो रही थी। वहीं धान की पनीरी तैयार कर रहे किसानों के लिए भी बारिश अच्छा संकेत है।