अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
सफीदों उपमंडल के सिंघाना गांव में फैला डायरिया फिर से सिर उठाने लगा है। अब गांव की अनुसूचित जाति बस्ती के बाहर दूसरी बस्ती में भी कुछ केस सामने आए हैं। इससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने एसडीएम मनदीप कुमार को रिपोर्ट भेज कर मांग की कि गांव की पेयजल लाइन को पूर्ण रूप से बंद किया जाए।
दूसरी ओर डायरिया को झेल रहे ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बीमारी फैलने का कोई ओर कारण हो सकता है, लेकिन प्रशासन इसकी जांच नहीं कर रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में ऐसे लोग भी बीमार हैं, जो सार्वजनिक जल वितरण की लाइन से पानी नहीं लेते और ऐसे लोग भी ठीक हैं, जो इस लाइन का पानी प्रयोग कर रहे हैं। ऐसे में प्रशासन को इस मामले की जांच करनी चाहिए। बहरहाल एक बार मामला नियंत्रण में आने के बाद दोबारा से बीमारी बढ़ने का खतरा मंडरा रहा है। गांव के सरपंच सुरेंद्र राणा के अनुसार फिलहाल मरीजों की संख्या कम हुई है।
रखी जा रही है नजर
गांव में प्रशासन नजर रखे हुए है। टैंकर से पानी की सप्लाई दी जा रही है। पेयजल लाइन को बंद करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से मांग की गई है, इस पर भी काम किया जाएगा। गांव से किसी भी परेशानी की शिकायत नहीं आई है। जो भी जरूरत होगी, लोगों को मुहैया करवाई जाएगी।
-मनदीप कुमार, एसडीएम, सफीदों।