नप ने अतिक्रमण हटवाया, दुकानदारोें ने फिर सजाई दुकानें
अब व्यापार मंडल की मदद से दुकानदारों को समझाएगा नगरपरिषद
माय सिटी प्रथम पेज की प्रस्तावित लीड
अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
शहर के बाजारों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर परिषद द्वारा शुरू किया गया अभियान दुकानदारों के लिए बेमानी साबित हो रहा है। नगर परिषद द्वारा सामान उठाने की कार्रवाई को धत्ता बताते हुए व्यापारियों ने सड़कों के किनारे फिर से सामान रखना शुरू कर दिया है। ऐसे में अब जुर्माने के साथ-साथ नगर परिषद व्यापार मंडल के सहयोग से इन व्यापारियों को समझाने का प्रयास करेगा।
नगर परिषद ने पिछले करीब एक सप्ताह से शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया है। इसके तहत अब तक 100 से अधिक लोगों का चालान हो चुका है और इनसे 20 हजार रुपये से अधिक राशि जुर्माने के तौर पर वसूली जा चुकी है। इसके बावजूद जब व्यापारी दुकानों के बाहर सामान रखने से बाज नहीं आ रहे हैं तो अब व्यापार मंडल के लोगों के माध्यम से नगर परिषद यह सामान उठवाने की योजना बना रहा है।
कई बाजारों में नजर आया फर्क
नगर परिषद के अभियान का असर पूरी तरह नहीं दिख रहा है, लेकिन कुछ बाजारों में इसका फर्क नजर आ रहा है। विशेषकर मेन बाजार में खींची कई पीली लाइन के बाद बुधवार को यहां अतिक्रमण नहीं मिला। सभी दुकानों का सामान दुकान के अंदर रहा और यहां आने वाले लोगों को भी काफी राहत मिली। जहां अतिक्रमण के चलते पहले मेन बाजार से एक भी बाइक नहीं गुजर सकती थी, अब दो बाइक भी आसानी से निकल रही हैं।
यहां बिगड़ी है स्थिति
शहर के गोहाना रोड, रानीताबाल, रोहतक रोड, हांसी रोड, भिवानी रोड, पटियाला चौक और रेलवे रोड जैसे बड़े व्यापारिक केंद्रों पर स्थिति नहीं सुधर रही है। तीन दिन पहले ही नगर परिषद ने गोहाना रोड और रानी तालाब पर अभियान चलाया था, लेकिन बुधवार को फिर से यहां कई व्यापारी पहले की तरह ही दुकानों के बाहर सामान रख कर बेचते नजर आए।
दिख रहा है असर
इस प्रकार की शिद्दत के साथ पहली बार अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चला है। लोगों की आदत एकदम से नहीं बदलती, लेकिन अभियान का असर दिख रहा है। आने वाले समय में शहर में असर साफ दिखेगा।
सुनील वशिष्ठ, अन्ना टीम
नहीं रहेगा अतिक्रमण
शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। सिर्फ जुर्माना लगाकर इसको नहीं रोका जा सकता। लोगों की मानसिकता भी बदलनी जरूरी है। इसके लिए पहले भी व्यापार मंडल की मीटिंग हुई हैं। अब जो व्यापारी बार-बार सामान बाहर लगा रहे हैं, उनको व्यापार मंडल की मदद से समझाया जाएगा। सभी व्यापारी इसमें सहयोग करेंगे।
डॉ. एसके चौहान, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, जींद।
06जेएनडी03: सफीदों रोड पर दुकान के बार रखे गए साइकिल।
06जेएनडी04: दुकान के बाहर बैटरी रख कर किया गया अतिक्रमण।
06जेएनडी05: दुकान के बाहर लगाई स्टाल।
06जेएनडी06: मेन बाजार में रेहड़ी वालों का सामान उठाकर लाते नगरपरिषद कर्मचारी।
06जेएनडी37: रानीतालाब पर एक सप्ताह पहले सामान हटवाते नगरपरिषद के अधिकारी, जहां फिर से सामान रख लिया गया है।
06जेएनडी38: मेन बाजार में नगरपरिष द्वारा खींची गई पीली लाइन, जिसके बाद यहां अतिक्रमण रूक गया है।