व्यापारी, किसान का चोली-दामन का साथ: गर्ग
अमर उजाला ब्यूरो
उचाना। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन गोपाल सरण गर्ग ने कहा किसान, व्यापारी वर्ग का चोली, दामन का साथ है इसे टूटने नहीं देंगे। यह साथ आज से नहीं है बल्कि वर्षों से चला आ रहा है। किसान, आढ़ती एक परिवार के सदस्य की तरह है। किसानों का हितैषी कच्चा आढ़ती ही रहा है। जो कि जरूरत पड़ने हर तरह का सहयोग किसान का आढ़ती करता है। सरकार अगर कच्चा आढ़ती को बीच से निकलना चाहती है तो उसे मार्केटिंग बोर्ड को ही भंग करना होगा। वे पुरानी मंडी में आयोजित महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में अग्रवाल समाज द्वारा थाना प्रभारी मंदीप चहल सहित गणमान्य लोगों को सम्मानित किया गया। गर्ग ने कहा कि सरकार को चाहिए कि हर जिले में व्यापारी हितों के लिए व्यापार भवन बनाना चाहिए ताकि जब भी व्यापारियों को जरूरत पड़े तो अपनी बैठक आयोजित कर सकें। व्यापारी के सम्मान के लिए वो हर समय संघर्ष के लिए तैयार है। अग्रवाल समाज पूरे समाज की चिंता करने वाला समाज है। हर प्रांत के मुख्यमंत्रियों से मिलकर हर राज्य में व्यापारी आयोग बनाने के लिए भी पत्र लिखेंगे। व्यापारियों को सामाजिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। जिस तरह से सरकार किसानों की फसल खराब होने पर मुआवजा देती है उसी तर्ज पर व्यापारी को आगजनी, प्रकृति आपदा से नुकसान होता है तो उसका मुआवजा मिलना चाहिए।