बहादुरगढ़। शहर के सेक्टर-6 की एक दुकान से 27 दिसंबर की रात 40 लैपटॉप चोरी के मामले में पुलिस ने पांच युवकों का गिरफ्तार किया है। सभी नेपाल मूल के हैं। उनके कब्जे से चोरी हुए 34 लैपटॉप बरामद किए गए हैं। गिरफ्त में आए आरोपियों को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
बुधवार को सीआईए-2 बहादुरगढ़ कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता के डीएसपी झज्जर अरविंद दहिया ने विस्तृत जानकारी दी। 27 दिसंबर की रात को शहर के सेक्टर-6 शॉपिंग कॉम्प्लेक्स स्थित अभिषेक गुप्ता की दुकान से 40 महंगे लैपटॉप चोरी हो गए थे। ये सभी दुकान में डिस्प्ले किए गए थे। इस संबंध में सेक्टर-6 थाने में केस दर्ज किया गया था। सीआईए-टू बहादुरगढ़ ने लैपटॉप चोरी की वारदात को सुलझाते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पांचों आरोपियों को दिल्ली से काबू किया है। पूछताछ में इनकी पहचान प्रताबा गुड मंडी दिल्ली में रह रहे विकास साहा उर्फ राजू, राजेश व मोहन उर्फ मंगल, दिल्ली के कीर्तिनगर में रह रहे गोपाल रोकाया और दिल्ली के रघुबीर नगर में रह रहे दीपक शीलाल के तौर पर की गई। ये सभी नेपाल मूल के हैं। सभी को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया।
दहिया ने बताया कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से रेकी करके योजना बनाकर चोरी को अंजाम दिया था। चोरी किए इन लैपटॉप की कीमत 30 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। गिरफ्त में आए आरोपियों के कब्जे से उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी किए 34 लैपटॉप बरामद किए। दो लैपटॉप आरोपियों ने अपने साथियों के माध्यम से नेपाल भेज दिए हैं और चार लैपटॉप अपने अन्य स्थानीय साथियों को दे रखशुदा बकाया लैपटॉप की बरामदगी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। चोरी के इस मामले को पुलिस ने सीआईए टू बहादुरगढ़ के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में कोशिश करके सुलझाया।
दुकानदार अभिषेक गुप्ता ने बताया कि वारदात की रात वह दुकान में लगभग 150 लैपटॉप छोड़कर गए थे। आरोपियों ने इनमें से 40 महंगे सेट चोरी कर लिए। वे दुकान के ऊपर सीढ़ियों का दरवाजा तोड़कर नीचे उतरे।