बहादुरगढ़। परिवार पहचान पत्र में गलत आंकडे़ दर्ज करने से लोग परेशान हैं। विभागीय गलती को संशोधित कराने के लिए इतने दस्तावेज मांगे गए जिन्हें देना ही संभव नहीं है। 250 रुपये शुल्क अलग से देना होगा। परेशान परिजन संशोधन कराने के लिए भटक रहे हैं।
दरअसल, सरकार ने पेंशन लाभार्थी, बीपीएल कार्ड जैसी अन्य सेवाओं को परिवार पहचान पत्र से लिंक कर दिया है। परिणाम स्वरूप अनेक बुजुर्गों की पेंशन कट गई है। जरूरतमंद विद्यार्थी फीस माफी जैसी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन नहीं कर सकते। पूर्व नगर पार्षद वजीर सिंह ने कहा कि सैकड़ों लोगों के बीपीएल कार्ड रद्द हो गए हैं। इस लाभों से वंचित हो रहे लोग अब पीपीपी में संशोधन करवाने के लिए भटक रहे हैं। संशोधन के लिएसैलरी स्लिप, फॉर्म 16, सैलरी सर्टिफिकेट या आइटीआर के अलावा 250 रुपये फीस मांगी गई। उन्होंने कहा कि हमने कोई गलती नहीं की तो उसे ठीक करने के लिए फीस क्यों दे। उनका कहना था कि सरकार की गलती का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। चक्कर काटकर वह परेशान हो चुके हैं। किला मोहल्ला निवासी 71 साल की वृद्धा मोहान देवी और छोटूराम नगर की घरेलू महिला लीलावती को भी कमाने वाला सदस्य बताते हुए आय दर्ज कर दी गई। जिससे उनके बीपीएल कार्ड नहीं बनाए गए हैं।