फोटो-56: बहादुरगढ़ में हुई पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में मौजूद युवा कांग्रेस के पदाधि
बहादुरगढ़। हरियाणा युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में युवा प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि प्रदेश और देश का युवा आज बेरोजगारी, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही अनियमितताओं से परेशान है। भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा को लेकर सामने आए घटनाक्रम ने लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों का भरोसा तोड़ा है। युवा कांग्रेस इस मुद्दे को गांव, वार्ड और हलका स्तर तक लेकर जाएगी तथा युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाएगी। बैठक में युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सत्यवान गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण युवाओं में निराशा है।
उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों की कमी, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियां और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे लगातार बढ़ रहे हैं। युवा कांग्रेस इन सभी मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान चलाएगी और जरूरत पड़ने पर सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी।
हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश मीडिया चेयरमैन प्रदीप यादव ने कहा कि आने वाले दिनों में प्रत्येक जिले और विधानसभा क्षेत्र में युवाओं से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन आयोजित किए जाएंगे। युवा कांग्रेस का लक्ष्य केवल विरोध करना नहीं बल्कि युवाओं की समस्याओं को सरकार तक मजबूती से पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि चलो वार्ड-चलो पंचायत अभियान के माध्यम से संगठन का विस्तार किया जाएगा और युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता वेद प्रधान, बहादुरगढ़ विधानसभा धर्मेंद्र राणा, शहरी अध्यक्ष पंकज फोगाट,वरुण राठी, मनीष परनाला आदि मौजूद रहे।