बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव आसंडा में शुक्रवार रात एक युवक पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए रोहतक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव आसंडा निवासी एवं हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर दयानंद राठी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका 33 वर्षीय पुत्र मंजेश खेती-बाड़ी का कार्य करता है। 19 जून की रात करीब 9:15 बजे मंजेश अपनी इंडेवर गाड़ी से घर पहुंचा था। इसी दौरान मैंने घर के बाहर अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो एक बाइक पर सवार दो युवकों में से पीछे बैठे युवक ने मंजेश पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बदमाशों ने चार से पांच राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली मंजेश की दाई ओर कमर में लगी।
घटना के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घायल मंजेश को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। आसौदा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।