बहादुरगढ़। आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में मामा चौक के निकट शनिवार रात को एक गाड़ी पोल से टकरा गई। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एमआइई चौक ी पुलिस ने रविवार की सुबह शहर के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस संबंध में परिजनों के बयान नियमानुसार कार्रवाई की है। मृतक की पहचान गांव टांडाहेड़ी के मंदीप के रूप में हुई।
उनकी आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में फैक्टरी है। बीती रात मंदीप और उसके दोस्त बामनोली निवासी रोहित व ओचंदी गांव निवासी रितेश खाना खाकर फैक्टरी में लौट रहे थे, जब मामा चौक के पास सांई धर्म कांटा के पास पहुंचे तो इनकी गाड़ी बिजली के पोल से से टकरा गई। इसमें मंदीप और रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मंदीप की मौत हो गई। एमआइई चौकी पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। संवाद
नई बस्ती में फंदे पर लटका मिला व्यक्ति का शव
बहादुरगढ़। शहर की कॉलोनी नई बस्ती के एक कमरे में रविवार को एक व्यक्ति का शव फंदे पर लटका मिला। इसकी सूचना मिलते ही लाइनपार थाना पुलिस माौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है। अनुमान लगाया गया है कि इस व्यक्ति ने आत्महत्या की है। उन्होंने यह कदम किन कारणों के चलते उठाया इसका पता परिजनों के बयान दर्ज होने व जांच के बाद ही चल पाएगा। मृतक की पहचान चमन कुमार के तौर पर हुई है। चमन कुमार नई बस्ती में किराये के मकान पर रहता था। सुबह जब काफी देर तक कमरे के बाहर नहीं निकला तो आसपास रहने वाले लोगों ने कमरे में जाकर देखा तो उसका शव फंदे पर लटका हुआ मिला। इसकी सूचना मकान मालिक ने लाइनपार थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह भिजवाया। लाइनपार थाना से जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई। उनके बहादुरगढ़ पहुंचने पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। संवाद
सेक्टर-16 में मिला फैक्टरी कर्मी का शव
बहादुरगढ़। एचएसआईआईडीसी सेक्टर-16 में एक फैक्टरी कर्मी का शव मिला है। मृतक की पहचान बिहार मूल के राजू ठाकुर के रूप में हुई। यहां शव होने की सूचना मिलते ही सेक्टर-16/17 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में भिजवाया। बिहार निवासी राजू ठाकूर छोटूराम नगर में रहता था और सेक्टर-16 स्थित एक फुटवियर कंपनी में काम करता था। राजू ठाकुर (35) शनिवार की सुबह 9 बजे अपने आवास से कंपनी के लिए निकला था। कंपनी में काम करने के बाद रात करीब नौ बजे ड्यूटी खत्म कर घर के लिए चला था, मगर घर नहीं पहुंचा। सुबह उसका शव कंपनी से कुछ दूरी पर डिवाइडर के पास मिला। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई और सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों के पूछताछ की तो उसकी पहचान राजू ठाकूर के रूप में हुई। राजू दो बच्चों का पिता था। उसकी मौत किन कारणों के चलते हुई इसका पता पोस्टमार्टम के बाद ही चल पाएगा। संवाद
रेल ट्रैक पर मिले शव नहीं हुई पहचान
बहादुरगढ़। छोटूराम नगर फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर मिले शव की पहचान नहीं हो पाई। पुलिस हुलिये के आधार पर आसपास के क्षेत्र में मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है। रविवार दोपहर तक पहचान से संबंधित कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा। शव को नागरिक अस्पताल शव गृह में रखवाया गया है। जांच अधिकारी एएसआई राजेश मुदगिल ने बताया कि थाने में सूचना मिली थी कि छोटूराम नगर फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति शव पड़ हुआ है। वह मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान के प्रयास शुरू किए, मगर मृतक के पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान संभव हो सके। मृतक की उम्र 35-40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। मृतक के शरीर पर काली टी शर्ट और काली लोवर है। मृतक की पहचान से संबंधित सूचना सभी चौकियों व थानों में दे दी गई है। संवाद
शराब पीकर हुड़दंग करते दो काबू
बहादुरगढ़। थाना शहर व आसौदा थाना पुलिस ने दो लोगों को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हुड़दंग करते हुए अलग-अलग स्थानों से काबू किया है। थाना शहर बहादुरगढ़ में तैनात मुख्य सिपाही सुनील कुमार की टीम ने एक आरोपी को शराब पीकर हुड़दंग करते हुए शहर में झज्जर मोड़ से काबू किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान हरीश निवासी बहादुरगढ़ के तौर पर की गई। वहीं थाना आसौदा में तैनात मुख्य सिपाही प्रवीण कुमार की टीम ने गांव मांडोठी के निकट तिलकराज निवासी मांडोठी को पकड़ा। दोनों के खिलाफ संबंधित थानो में अलग-अलग मामला दर्ज किया गया। संवाद