बहादुरगढ़। आसौदा गांव के पास हुए सड़क हादसे में घायल युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। बाइक पर सवार दोनों युवकों को सामने से आ रही दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी थी। मृतक के भाई की शिकायत पर आसौदा थाना पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस को दिए बयान में जिला फतेहाबाद के भूना के वार्ड 7 स्थित खैरी चौक निवासी पवन कुमार बताया कि उनका छोटा भाई सुनील (26) आसौदा की अग्रवाल कंपनी में बिजली का कार्य करता था। सुनील अपने दोस्त गांव भूना निवासी संदीप के साथ कुछ समय से गांव आसौदा में किराये के मकान में रह रहा था।
गत 13 दिसंबर की रात करीब 10 बजे सुनील और संदीप अपनी मोटरसाइकिल पर गांव आसौदा से बहादुरगढ़ की ओर नेशनल हाईवे पर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में सुनील और संदीप दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर चोट लगने के कारण सुनील को पीजीआईएमएस रोहतक रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं संदीप का उपचार भूना अस्पताल में चल रहा है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि जांच के दौरान उसे जानकारी मिली कि टक्कर मारने वाली बाइक को जसौर खेड़ी निवासी कृष्ण और कमल चला रहे थे। पवन कुमार ने आरोप लगाया कि दोनों युवकों की लापरवाही के कारण उसके भाई की जान गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।