इसी मशीन में कटने से हुई युवक की मौत। संवाद
- फोटो : Jhjhar
झज्जर। सिलानी केशो गांव में राजस्थान के सीकर जिले से हर साल पशु चारा काटने के लिए ट्रैक्टर के पीछे जुड़ी मशीन लेकर आने वाले युवक की चारा काटते समय मशीन में कटने से मौत हो गई। दर्दनाक हादसे में पहले पराली काटते समय युवक दोनों हाथ मशीन के अंदर चले गए और जब तक उसके साथ आया युवक क़ुछ समझ पाता युवक की गर्दन मशीन में फंसकर टूट चुकी थी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल झज्जर भिजवाया। जहां पर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव मृतक के परिजनों को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के सीकर जिले के रामपुरा जागीर गांव निवासी नरसिंह प्रसाद (34) ट्रैक्टर के पीछे जुड़ी चारा काटने की मशीन लेकर करीब 15 दिन पहले सिलानी गांव में आया था। जब वह शुक्रवार की सुबह चारा काटने लगा तो अचानक उसके हाथ पराली के साथ मशीन के अंदर चले गए। जब तक उसके साथ खड़ा युवक कुछ समझ पाता उस समय तक युवक के गर्दन मशीन में फंसकर टूट चुकी थी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना की जानकारी झज्जर सदर पुलिस थाने को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया।
- वर्जन
शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया गया है। मशीन में कटने से युवक की मौत हो गई थी।
- सुरेंद्र सिंह, उप निरीक्षक, सदर पुलिस थाना प्रभारी, झज्जर