बहादुरगढ़ के बालौर गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। स्कूल परिसर में बनी प्याऊ के कमरे में सोलधा गांव निवासी एक युवक की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सोलधा निवासी नीरज के रूप में हुई है। हत्यारों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए नीरज के गले और छाती पर चाकू से 50 से अधिक वार किए, जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।
कमरे में मिला खून से लथपथ शव
वारदात की जानकारी देर रात करीब एक बजे तब मिली, जब आरोपी बताए जा रहे गौरव के पिता कृष्ण ने नीरज के परिजनों को मामले की सूचना दी। परिजन और ग्रामीण जब स्कूल पहुंचे तो प्याऊ वाले कमरे में नीरज का लहूलुहान शव पड़ा देख सन्न रह गए। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी (SHO) मनोज, डीएसपी प्रदीप खत्री और एफएसएल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। क्राइम सीन से साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया गया है।
खेतीबाड़ी करता था मृतक, नशे की डोज की बात भी आई सामने
परिजनों के अनुसार, मृतक नीरज खेतीबाड़ी का काम करता था और दो भाइयों व दो बहनों में सबसे छोटा था। हत्या की इस खौफनाक वारदात के पीछे गौरव नाम के युवक पर शक जताया जा रहा है। वहीं, प्राथमिक जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि नीरज को अधिक नशे की डोज दी गई थी या उसने अत्यधिक नशा लिया हुआ था। फिलहाल हत्या के असली कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। नामजद आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही वारदात का पूरा सच सामने लाया जाएगा।