बहादुरगढ़। उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से अंडर ग्रेजुएट (यूजी) और पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) के किसी भी वर्ष में दाखिले से वंचित विद्यार्थियों को एक और मौका दिया है। वैश्य गर्ल्स कालेज के उपप्रधान प्रेम बंसल और प्राचार्य डा. राजवंशी शर्मा ने बताया कि अधिकांश कालेजों में यूजी और पीजी की कक्षाओं में सीटें खाली पड़ी हैं। बहुत से विद्यार्थी दाखिले से अब भी वंचित हैं। ऐसे में विभिन्न कालेजों और विद्यार्थियों की ओर से दोबारा से एडमिशन पोर्टल खोलने की मांग उच्चतर शिक्षा विभाग से की थी। विद्यार्थियों व कालेजों की मांग को देखते हुए विभाग ने दोबारा से पोर्टल खोलने का निर्णय लिया है। पोर्टल सोमवार को खुल गया है। 23 अक्तूबर तक पोर्टल खुला रहेगा। इस दौरान विद्यार्थी अपना नए सिरे से पंजीकरण करा सकते हैं और विद्यार्थी कालेजों में फिजिकल रूप से ओपन काउंसलिंग में भाग लेकर खाली सीटों पर दाखिला ले सकते हैं।