बहादुरगढ़। महिला खिलाडिय़ों के समर्थन में ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के कार्यकर्ता आजदिल्ली कूच करेंगे। इस जत्थे का नेतृत्व संगठन के अखिल भारतीय अध्यक्ष कामरेड सत्यवान व प्रदेश सचिव जयकरण मांडोठी करेंगे।
जयकरण मांडोठी ने बताया कि देश के लिए मेडल व अवार्ड लाने वाली पहलवान बेटियों के साथ इस तरह का जुल्म सत्तासीन राजनेताओं द्वारा किया जा रहा है तो न्याय की आवाज किसके सामने उठाई जाए। जब अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम महिला इस देश में कितनी सुरक्षित रह पाएंगी। इसका सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। जंतर-मंतर पर बैठी बेटियों की आंखों के आंसू हर देश के नागरिकों के लिए एक आह्वान है। केंद्र सरकार की चुप्पी से यह सिद्ध हो चुका है कि अपराधी को बचाना ही उसकी पहल है। इसलिए महिला खिलाडिय़ों को मजबूरन धरना देने के साथ-साथ सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाना पड़ा है। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन अपने स्तर पर राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर मांग करेगा कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष पर मुकदमा दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेजा जाए और खिलाडिय़ों को न्याय दिया जाए। उन्होंने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं बीजेपी सांसद के खिलाफ कथित उत्पीड़न के मामले में तुरंत मुकदमा दर्ज करने, उन्हें अध्यक्ष पद से हटाने और गिरफ्तारी की मांग की जाएगी।