बहादुरगढ़। शहर के लाइनपार क्षेत्र की एक महिला एटीएम बूथ में ही अपना एटीएम कार्ड भूल गई। इसका फायदा उठा कर किसी अज्ञात ने उसके खाते से चार बार में 40 हजार रुपये निकाल लिए। इसका पता तब लगा जब रुपये कटने का संदेश मोबाइल पर मिला। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लाइनपार क्षेत्र की निवासी अंजलि ने बताया कि उसका रेलवे रोड स्थित एक बैंक में खाता है। 3 अक्तूबर की सुबह करीब सवा आठ बजे उसने एटीएम कार्ड से बस स्टैंड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से 5 हजार रुपये निकलवाए थे। रुपये निकालने के बाद गलती से वह अपना एटीएम कार्ड मशीन में भूल गई। दोपहर करीब एक बजे उसे मोबाइल पर दो बार में 10-10 हजार रुपये कटने का मैसेज आया। इसके बाद 4 अक्तूबर को 11 बजे के करीब फिर दो बार में 10-10 हजार रुपये निकलने का संदेश मिला। इसके बाद उसने बैंक और पुलिस को इसकी जानकारी दी।
जिला पुलिस प्रवक्ता चमनलाल ने बताया कि महिला की शिकायत पर शहर थाना बहादुरगढ़ में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बैंक उपभोक्ताओं से एटीएम कार्ड का इस्तेमाल सावधानी पूर्वक करने की सलाह दी। पुलिस पहले बैंक से यह विवरण जुटाएगी कि खाताधारक महिला ने 3 अक्तूबर को किस समय कितने रुपये निकाले। उसके बाद एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखकर आगामी कार्रवाई करेगी।