झज्जर। न्योला गांव में विवाहिता ने घर के अंदर कमरे में पंखे पर साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया था। शुक्रवार को मृतका के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति सहित छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गुरुग्राम के भौंडसी निवासी बसंत सिंह ने पुलिस में शिकायत दी है कि वह फौज से रिटायर है। उसकी छोटी लड़की संजना उर्फ संजू की शादी 2012 में न्योला निवासी प्रदीप के साथ हिंदू रीति-रिवाज के साथ की थी। उसका पति व ससुरालजन उसकी बेटी के साथ मारपीट करते थे। इससे पहले भी मारपीट की जा चुकी है। ससुरालजनों से तंग आकर संजना ने आत्महत्या की है। पुलिस ने शिकायत पर पति प्रदीप, सास संतोष के अलावा बहन सीमा, वीना, रेनुका व सबसे छोटी बहन के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया है।
2021 में भी हुई थी मारपीट, दर्ज कराया था केस दर्ज
मृतका के पिता ने पुलिस में शिकायत दी है कि संजना उर्फ संजू के साथ उसके पति प्रदीप ने 2021 में भी मारपीट की थी। उस समय भी उसने थाना माछरोली में मेडिकल कराकर मुकदमा दर्ज करा दिया था।
कुल्हाड़ी से तोड़ा गया दरवाजा
सूचना पाकर सबसे पहले ईवीआर डायल 112 पहुंची। उसके बाद पुलिस आई। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो संजना ने अंदर से दरवाजा बंद किया हुआ था। काफी आवाज लगाने पर भी अंदर से दरवाजा नहीं खोला गया। इसके बाद पुलिस ने कुल्हाड़ी से दरवाजा तोड़ा और अंदर घुसे। अंदर देखा तो संजना ने कमरे में छत वाले पंखे के ऊपर साड़ी डालकर फांसी लगा रखी थी। पुलिस व एसएफएल टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए।