सांपला। प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मतदाताओं का समर्थन पाने के लिए प्रत्याशी पसीना बहा रहे हैं। वहीं, मतदाता भी विभिन्न दलों के नेताओं को दिल की कसौटी में परखने में जुटे हैं। देहात के साथ शहर में भी चुनावी माहौल गर्माता जा रहा है। शहर में चाय की दुकान, चौपाल में हुक्के की गुड़गुड़ाहट के साथ सिर्फ चुनाव की ही चर्चा रहती है कि कौन किस पर भारी पड़ेगा। हुक्के की गुड़गुड़ाहट के साथ चुनावी चटकारे लेते हुए सियासी रणभूमि के पल-पल बदलते हालात पर मतदाता खूब चर्चा कर रहे हैं।
मंगलवार को अमर उजाला की टीम ने गढ़ी सांपला किलोई हलके के बड़े गांवों में गिने जाने वाले इस्माईला में लोगों की चुनाव को लेकर बात जानी। चुनाव में प्रत्याशियों का सबसे ज्यादा ध्यान इसी गांव पर रहता है। हुक्के पर लोग सिर्फ चुनाव को लेकर चर्चा कर रहे हैं। राजा खत्री, अशोक, धारा सिंह और जगबीर सिंह ने बताया कि कुछ प्रत्याशी चुनाव में जीत को लेकर मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए लुभाने का काम कर रहे हैं। प्रत्याशी स्थानीय मुद्दे व विकास की बात न कर जातिगत मुद्दे की बात कर रहे हैं, लेकिन इस बार मतदाता भी हर कदम सोच समझकर कर रख रहे हैं। मतदाताओं का कहना है कि समर्थन और वोट उसी प्रत्याशी को मिलेगा, जो जनता को चुनावी वादों में बहकाने की बजाय रोजगार देने, महंगाई दूर करने व बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा जैसे मुद्दों के लिए काम करने का भरोसा देंगे। ग्रामीणों का कहना है कि दिन प्रतिदिन महंगाई बढ़ती जा रही है, कोई भी प्रत्याशी महंगाई, शिक्षा व बेराेजगारी पर कोई बात नहीं कर रहा। सिर्फ बड़ी बातें कर मतदाताओं को लुभाने का काम कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि कानून व्यवस्था ठीक होनी चाहिए। रोजगार के अवसर बढ़ने चाहिए।
कानून व्यवस्था और फ्री शिक्षा दे सरकार
मतदान करना बहुत जरूरी है। हमें उच्च शिक्षा फ्री स्वास्थ्य सेवा और कानून व्यवस्था में सुधार लाने वाली सरकार चाहिए। रोजगार के ज्यादा अवसर निकालने चाहिए।
सुंदर ओहलान सांपला।