गांव गोच्छी में एक पत्नी पर अपने परिजनों व बच्चों के साथ मिलकर अपने पति पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
इस हमले में पति के शरीर पर एक दर्जन चोटों के निशान है। हालांकि इस झगड़े के दौरान पीड़ित की पत्नी व उसके बच्चे भी घायल हुए हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
मामला घरेलू कलह के साथ-साथ जमीन से जुड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गांव गोच्छी का सोमबीर पिछले काफी लंबे समय से पत्नी व बच्चों से अलग रोहतक में रहता है। जबकि उसकी पत्नी बच्चों के साथ गांव गोच्छी में रहती है।
सोमबीर गोच्छी में अपने खेत में गेहूं की फसल बोने के लिए आया हुआ था। उसी दौरान उसकी पत्नी नीलम अपने लड़के नीरज, बेटी शिक्षा व पूजा के अलावा दो रिश्तेदारों के साथ खेत में पहुंच गई और फसल बोने को लेकर काफी कहासुनी हुई।
थोड़ी ही देर में यह कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से लाठी-डंडों के अलावा अन्य तेजधार हथियारों एक दूसरे पर हल्ला बोल दिया। आरोप है कि इस झगड़े के दौरान ही नीलम ने अपने बच्चों व परिजनों के साथ मिलकर सोमबीर पर कुल्हाड़ी व तेजधार हथियारों से कई वार किए जिसमें सोमबीर बुरी तरह से जख्मी हो गया। बाद में गंभीर हालत में सोमबीर को बेरी के सामान्य अस्पताल लाया गया।
यहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया। जांच अधिकारी एएसआई पवन कुमार ने बताया कि सोमबीर व उसकी पत्नी व तीनों बच्चे पहले तो रोहतक रहते थे और पिछले कई वर्षों से गांव गोछी में ही रहते थे और 7 कैनाल जमीन को लेकर झगड़ा हुआ था और जिसमें नीलम और उसके बच्चों को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने सोमबीर के बयान पर नीलम तीन बच्चों और दो रिश्तेदारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।