झज्जर के थाना बेरी के अंतर्गत आने वाले गांव चिमनी में कृषि विभाग के अधिकारियों ने पराली जलाने के लिए रोका तो युवकों ने टीम पर टै्रक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। जब टीम वहां से बचकर जाने लगी तो ट्रैक्टर चालक ने कार में पीछे से टक्कर मार दी। घटनाक्रम की सूचना कृषि विभाग के अधिकारियों ने बेरी एसडीएम व विभाग के उच्च अधिकारियों को दी। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बेरी थाने में लिखित में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस को दी शिकायत में कृषि विभाग के विषय विशेषज्ञ रमेश ने बताया कि कृृषि विभाग की टीम को पराली जलाने की सूचना मिली थी। खंड कृषि अधिकारी अशोक रोहिल्ला व सुपरवाइजर नेत्रपाल, कृषि प्रोद्योगिकी प्रबंधन नवीन साइट चेक करने के लिए दुबलधन के खेतों के पास गए हुए थे। वहीं रास्ते में गांव चिमनी निवासी अजीत व संदीप खेत में पराली जला रहे थे। जिससे विभाग के सहायक तकनीकी प्रबंधक ने रोका तो उसके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया।
जब कृषि विभाग के विषय विशेषज्ञ रमेश ने किसानों को समझाने का प्रयास किया तो अजीत ने विभाग के अधिकारी रमेश को ट्रैक्टर से टक्कर मार दी और सिर में डंडों से वार किया। जब कृषि विभाग के अधिकारी जान बचाकर अपनी गाड़ी में बैठकर जाने लगे तो ट्रैक्टर से गाड़ी के पीछे टक्कर मार दी। विभाग ने अधिकारियों ने मौके से भाग जान बचाई।
अधिकारी के अनुसार
गांव चिमनी में पराली जला रहे किसानों को रोका तो किसानों ने टीम पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। जब टीम के अधिकारी जान बचाकर गाड़ी बैठकर जाने लगे तो किसानों ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। घटनाक्रम को लेकर बेरी थाने में शिकायत दर्ज करवा दी गई। घटनाक्रम की सूचना उपमंडल अधिकारी व विभाग के उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।
-अशोक रोहिल्ला खंड कृषि अधिकारी बेरी।
कृषि विभाग के टीम के सरकारी कार्य में बाधा डालने व टीम पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास करने की शिकायत विभाग ने दी थी। शिकायत के आधार पर चिमनी निवासी अजीत व संदीप को गिरफतार कर लिया गया है और मंगलवार को जिला अदालत में पेश किया गया।
-अमित कुमार, थाना प्रभारी बेरी।