झज्जर। कबलाना गांव में पंचायत विभाग की तरफ से स्वागत द्वार का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए पंचायती राज विभाग की तरफ से आनलाइन टेंडर लगा दिया गया है। इसके अलावा खेड़ी खुम्मार गांव में भी गंदे पानी निकासी के लिए नाला बनाया जाएगा। साथ ही रास्ते का निर्माण भी किया जाएगा। इन दोनों विकास कार्यों पर लगभग 26.55 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। आनलाइन टेंडर के वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद तीन माह में यह विकास के काम पूरे करने होंगे।
पंचायती राज विभाग की तरफ से कराए जाने वाले कार्यों के लिए प्रशासनिक मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। कबलाना गांव में स्वागत द्वार लगवाया जाएगा। इस पर लगभग 5 लाख 88 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। किसी भी गांव के लिए स्वागत द्वार काफी अहम होता है। इसमें गांव के सरपंच के नाम सहित अन्य जानकारी भी लिखी जाएगी। इसी प्रकार से खेड़ी खुम्मार में गंदे पानी निकासी न होने के कारण काफी समय से लोग परेशान थे। इस बारे में पंचायत को भी ग्रामीण शिकायत दे चुके थे। ऐसे में अब पंचायती राज विभाग द्वारा नाले का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा रास्ते का निर्माण भी कराया जाएगा। इस पर 20 लाख 67 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। पंचायती राज विभाग के एसडीओ युद्धवीर सिंह ने बताया कि कबलाना गांव में स्वागत द्वार और खेड़ी खुम्मार में गंदे पानी की निकासी के लिए नाले व रास्ते के लिए टेंडर लगाया हुआ है।