झज्जर। हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली में अगले सप्ताह से एक बार फिर से मौसम बदलने वाला है। इसकी वजह से इलाके हवाओं में बदलाव, तापमान में उतार-चढ़ाव और हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली में कुछ स्थानों पर तेज गति से हवाएं चलने और हल्की बारिश बूंदा-बांदी की गतिविधियों को दर्ज किया जाएगा। शनिवार को झज्जर में सुबह से मौसम साफ रहा। पूरा दिन धूप निकली हुई थी। अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 12 डिग्री दर्ज किया गया।मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि आने वाले दिनों में हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली में मौसम में बदलाव और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा, क्योंकि मार्च महीने में लगातार एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से इस प्रकार के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। 10 मार्च रविवार और उसके बाद 12 मार्च और उसके बाद 15 मार्च को बैक टू बैक तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहें हैं, जिसकी वजह से इलाके में बार-बार मौसम में बदलाव और अस्थिरता देखने को मिलेगी। इस दौरान इलाके में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। साथ ही साथ 10 से 13 मार्च के दौरान कुछ स्थानों पर तेज गति 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की बारिश/बूंदाबांदी की गतिविधियों को दर्ज किया जाएगा, इसलिए भारतीय मौसम विभाग ने इलाके पर येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इस मौसम प्रणाली का असर दक्षिणी हिस्सों पर देखने को नहीं मिलेगा। केवल यहां आंशिक बादल वाही और तेज गति से हवाएं चलने और केवल एक दो स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी की ही संभावना बन रही है। पिछले एक सप्ताह से पिछली मौसम प्रणाली द्वारा उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर बर्फबारी और मैदानी राज्यों में विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली में बारिश और ओलावृष्टि ने राज्य में रात्रि तापमान में रिकॉर्ड तोड़ गिरावट देखने को मिल रही थी, परन्तु आगामी चार-पांच दिनों में धीरे-धीरे तापमान में 2.0 से 5 .0 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है। वर्तमान परिदृश्य में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जो अभी पाकिस्तान पर पहुंच गया है, जिसकी वजह से इलाके में आंशिक बादलवाही देखने को मिल रही है। हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर दिन और रात के तापमान सामान्य से नीचे बने हुए हैं।