बीकानेर चौक पर भर बारिश का पानी।
- फोटो : Jhjhar
झज्जर। शहर में शुक्रवार की दोपहर को हुई मात्र 13 एमएम बारिश ने ही जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर के कई इलाकों में जलभराव से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बाद में पानी का बहाव हो गया।
बारिश से दिनभर मौसम भी खुशनुमा बना रहा। शुक्रवार शाम तक 13 एमएम दर्ज की गई। उसके बाद भी रूक-रूक कर बारिश का दौर जारी था। लोगों ने मौसम का जमकर आनंद लिया। बारिश के कारण शहर में जलभराव की स्थिति बनी रही। बारिश रुकने के बाद मुख्य सड़कों से पानी की निकासी हो गई थी। पिछले दिनों आई बारिश में भी यही स्थिति देखने को मिली। बारिश के कारण हुए जलभराव से लोगों को परेशानी हुई। हालांकि बारिश रुकने के कुछ समय बाद अधिकतर पानी साफ भी हो गया। वहीं बारिश के बाद बिजली भी गुल हो गई। बिजली कटों ने लोगों के दैनिक कार्य भी बाधित किए। हालांकि मौसम साफ होते ही बिजली सप्लाई सुचारू हो गई। बारिश लोगों के लिए राहत भी लेकर आई है। एक तरफ जहां बारिश से मौसम खुशनुमा होने के चलते लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है। वहीं शहर में पुराने बस स्टैंड के सामने से गुजरने वाली सड़क, आंबेडकर चौक, बीकानेर चौक, पुलिस थाने के सामने पानी भर गया था। वाहन चालकों को पानी के अंदर से ही अपने वाहनों को निकालने पर मजबूर होना पड़ा। वहीं राहगीरों को भी अपने हाथों में जूते चप्पल लेकर नंगे पैर पानी के अंदर से निकलना पड़ा।
किसानों के लिए बनी परेशानी
बारिश के कारण बाजरे की फसलों में हुए जलभराव की समस्या को लेकर किसान कृषि विभाग के कार्यालय पहुंच रहे हैं। किसानों की फसलों में बारिश के कारण जलभराव हो गया है और खेतों से पानी निकलना मुश्किल है। बारिश के कारण हुए जलभराव से उनकी फसल खराब होने लगी है। जिसके चलते उन्होंने मुआवजे के लिए किसान सदन में अपनी शिकायत जमा करवाई। पिछले दिनों हुई बारिश का पानी सुखा भी नहीं था कि एक बार फिर से बारिश होने से फसलों में जल स्तर बढ़ गया है।
वर्जन
किसानों की बाजरे की फसल पक कर तैयार होने लगी है। अगेती फसल की कटाई भी शुरू हो चुकी है। बारिश इस समय होने से किसानों को फायदा और नुकसान दोनों हैं। जो पक कर तैयार हो रही है उसमें फायदा है। जहां जलभराव की स्थिति है वहां पर नुकसान भी है।
- डॉ. इंद्र सिंह, डीडीए, क़षि एवं किसान कल्याण विभाग, झज्जर।