झज्जर। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा है कि रोहतक लोकसभा के अंतर्गत आने वाली सभी 9 विधानसभा सीटों पर जनता ने जीत दिलाई है, इसके लिए वह सभी के आभारी हैं।
भाजपा के अहंकार को चोट मारने व देश के प्रजातंत्र को मजबूत करने और बाबा साहेब के संविधान की रक्षा करने के लिये सभी मतदाताओं का धन्यवाद किया। वह शनिवार शाम निजी पैलेस में कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करने पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि जनता ने देश की राजनीति में संतुलन बनाकर मजबूत विपक्ष और इंडिया गठबंधन को नैतिक बल दिया है। चुनाव में जनता ने प्रजातंत्र तो बचा लिया है अब हरियाणा को बचाना है।
दो महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाना है। आज संख्या बल भले ही एनडीए के पास हो, लेकिन जनभावना हमारे साथ है। लोकसभा चुनाव में बीजेपी हाफ हो चुकी है और विधान सभा चुनाव में बीजेपी साफ हो जाएगी। प्रदेश से एक ही आवाज आ रही है कि बीजेपी जा रही है और कांग्रेस आ रही है। 2014 के पहले जो हरियाणा विकास में सबसे आगे था, आज वो बदहाली में सबसे आगे है। बीजेपी सरकार में हर वर्ग का अपमान किया गया, हर वर्ग इस सरकार से दुखी है। बीजेपी ने अग्निपथ योजना लाकर दक्षिण हरियाणा का सबसे बड़ा नुकसान किया है। पहले हर साल फौज में 5500 की पक्की भर्ती होती थी, लेकिन अब हर साल 900 अग्निवीर लिये जा रहे हैं, जिसमें से 4 साल के बाद करीब 225 अग्निवीर ही पक्के होंगे।
अब विपक्ष मजबूत है और अग्निपथ योजना की छुट्टी कराने और फौज में पक्की भर्ती कराने की लड़ाई लड़ेंगे। इस अवसर पर विधायक गीता भुक्कल, पूर्व मंत्री जगदीश यादव, पूर्व विधायक डॉ. वीरेंद्र पाल, राम अवतार गहलावत, संजय यादव, संजीत कबलाना, वीरेंदर दरोगा, सुभाष गुज्जर, जिला पार्षद अमित भदानी मौजूद रहे।