बहादुरगढ़। तेज बारिश से आमजन को गर्मी से राहत मिली, लेकिन निचली कॉलोनियों में काफी पानी जमा हो गया। इससे आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कत हुई। मंगलवार को 15 एमएम बारिश रिकार्ड की गई।
मंगलवार सुबह से ही मौसम बदला हुआ था। कभी आसमान में बादल छा रहे थे तो कभी धूप निकल रही थी। दोपहर में आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब आधा घंटे तक तेज बारिश हुई। इससे शहर की निचली कॉलोनियों में पानी भर गया और लोगों को आवागमन करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर के महाबीर पार्क, बाग वाला मोहल्ला, नागरिक अस्पताल, बराही फाटक, सब्जी मंडी, झज्जर रोड़, छोटूराम नगर कॉलोनी, टीचर कॉलोनी और अन्य कई कॉलोनियों में बारिश का काफी मात्रा में पानी इकट्ठा हो गया। हालांकि बारिश बंद होने के बाद पानी की निकासी जल्द ही हो गई। रेलवे रोड़ के दुकानदार विकास शर्मा ने बताया कि कई दिनों से लोग आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे थे कि कब बारिश होगी। चिपचिपी गर्मी से लोगों का बुरा हाल हो रखा था। मंगलवार की दोपहर हुई बारिश ने गर्मी से काफी हद तक निजात दिलाई। मंगलवार को बहादुरगढ़ का अधिकतम तापमान 35 डिग्री रहा। बारिश होने के बाद तापमान 2 डिग्री घटा और 33 पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री पर पहुंचा। ऐसे में लोगों ने गर्मी से राहत पाई। कृषि विभाग के एसडीओ सुनील कौशिक ने बताया कि मंगलवार की दोपहर हुई बारिश की मात्रा कुल 15 एमएम रही।