बहादुरगढ़। भीषण गर्मी में लोगों को बिजली कट के साथ पानी की समस्या से जुझना पड़ रहा है।
कई कॉलोनियों में तीन-दिन से पानी नहीं आया है। शहर की 70 फीसदी कॉलोनियां ऐसी हैं, जहां सामान्य दिनों में तीसरे दिन पानी की आपूर्ति होती थी, अब तो इन कॉलोनियों में भी तीन हो गए हैं। यह स्थिति गुरुग्राम और बहादुरगढ़ माइनर से जलघर में पानी की आपूर्ति कम होने की वजह से हो रही है। जलघर के दो टैंकों में न के बराबर पानी है। शहर की आधे से अधिक कॉलोनियों के लोगों को टैंकर से पानी मंगवाकर काम चलाना पड़ रहा है।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा चलाए जा रहे शहर के मुख्य जलघर में पानी के पांच टैंक हैं। इस समय इनमें करीब एक फुट तक ही पानी बचा है। जबकि,दो सूखे हुए हैं। सामान्य परिस्थितियों में इन टैंकों में 10 फुट से ज्यादा पानी रहता है। गुरुग्राम वाटर चैनल से बहादुरगढ़ में पानी आता है। इस माइनर से जन स्वास्थ्य विभाग और एचएसवीपी के टैंकों में पानी आता है। सप्ताहभर से बीडब्लूसी में बहुत कम पानी आ रहा है। माइनर में ही पानी कम है तो टैंकों का जलस्तर कैसे बढ़ेगा। हालांकि माइनर से अतिरिक्त पानी लेने के लिए अब जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा ट्रैक्टर-पंप लगाया गया है। इससे भी टैंकों तक कम पानी पहुंच रहा है। शहर के आर्यनगर, कश्मीरी कॉलोनी, विजय नगर, सेक्टर नौ, सेक्टर 9ए, लाइन पार के नेताजी नगर, नरसिंह और सुभाषनगर समेत तमाम कॉलोनियों को लोगों को तीन से चार दिन में पानी मिल रहा है। आर्य नगर निवासी सुभाष ने बताया कि कॉलोनी में पहले रोजाना पानी आता था, लेकिन 10 दिन से हालात ये हैं कि तीन दिन में पानी आता है। प्रमिला ने कहा कि तीन दिन से पानी नहीं आ रहा। पड़ोस के हैंड पंप से खारा पानी लेकर काम चलाना पड़ता है। हालांकि जन स्वास्थ्य विभाग और एचएसवीपी टैंकों के जरिए भी पानी की आपूर्ति कर रहा है। निवर्तमान पार्षद जसबीर सैनी ने बताया की पानी की समस्या पूरे शहर में विकराल रूप ले चुकी है।
जन स्वास्थ्य विभाग के जेई दलबीर सिंह का कहना है कि कई दिनों से माइनर में पानी बहुत ही कम आ रहा है। जबकि, गर्मी की वजह से खपत ज्यादा है। इस कारण टैंकों में पानी की कमी हो गई है। सिंचाई विभाग का कहना है कि एक-दो दिन में नहर में पर्याप्त पानी छोड़ दिया जाएगा। दो या तीन दिन में स्थिति सामान्य हो जाएगी।
आपूर्ति जल्द होगी सामान्य, कैनाल की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी : बांगड़
बहादुरगढ़। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण रोहतक के प्रशासक डॉ. नरहरि बांगड़ ने बुधवार को बहादुरगढ़ का दौरा किया। पानी की समस्या पर उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी वाटर सप्लाई से जुड़े संबंधित विभागीय अधिकारियों से समन्वय बनाए हुए हैं। उम्मीद है कि वीरवार तक पेयजल आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। डॉ. बांगड़ ने कहा कि बहादुरगढ़ वाटर चैनल में सफाई कार्य की वजह से वाटर सप्लाई कम मिलने से यह समस्या आई। भविष्य में इस तरह की समस्या न हो इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। बहादुरगढ़ वाटर सर्विस कैनाल की क्षमता को बढ़ाया जाएगा। फिलहाल इसकी क्षमता 35 क्यूसिक प्रतिदिन है, इसे बढ़ाकर 43 क्यूसिक किया जाएगा।
पेयजल आपूर्ति को लेकर प्रशासन सजग, कमी नहीं होगी : एसडीएम
बहादुरगढ़। एसडीएम हितेंद्र कुमार ने कहा कि पब्लिक हेल्थ विभाग के पास अभी भी दो दिन के लिए पानी का स्टॉक है और रात से ही पानी मिलने की संभावना है। बहादुरगढ़ वाटर चैनल वाटर सप्लाई के लिए तैयार कर दी गई है। गर्मी के मौसम में अगर कहीं पर भी पेयजल आपूर्ति की समस्या हुई तो जन स्वास्थ्य विभाग उक्त क्षेत्र में वाटर टैंकर के माध्यम से पेयजल पंहुचाएगा। गर्मी के मौसम में पेयजल की कमी नहीं होने दी जाएगी। सिंचाई, जन स्वास्थ्य और बिजली विभाग के अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति सामान्य बनाए रखने के लिए तालमेल से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।