बहादुरगढ़। विधायक राजेश जून ने बजट बैठक में पार्षदों को दिए आश्वासन के अनुसार अब वार्डवार विकास कार्यों की समीक्षा शुरू करने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में नगर परिषद के वार्ड 1 से 10 तक के विकास कार्यों को लेकर 11 मई को बैठक बुलाई गई है।
बैठक नगर परिषद के मीटिंग हॉल में दोपहर 12 बजे होगी जिसमें संबंधित वार्डों के पार्षदों के अलावा नगर परिषद अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। बैठक में विधायक राजेश जून और नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी वार्डों में लंबित पड़े विकास कार्यों और नए प्रस्तावित कार्यों पर चर्चा करेंगे।
चेयरपर्सन सरोज राठी ने बताया कि इसी बैठक में प्रत्येक वार्ड में प्राथमिकता के आधार पर विकास योजनाओं को अंतिम रूप देने पर भी विचार किया जाएगा। गौरतलब है कि गत शनिवार को हुई बजट बैठक में पहली बार विधायक राजेश जून पहुंचे थे। उस दौरान पार्षदों और नगर परिषद के बीच बजट को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी।
बैठक में विधायक ने सभी पार्षदों को आश्वासन दिया था कि प्रत्येक वार्ड में करीब एक-एक करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जाएंगे। विधायक द्वारा पार्षदों से सहयोग की अपील करने के बाद ही बजट को मंजूरी मिल सकी थी। अब उसी आश्वासन को अमलीजामा पहनाने के लिए वार्डवार बैठकों का दौर शुरू किया जा रहा है।