बहादुरगढ़। सीआईए-2 पुलिस ने एक आरोपी को हथियार के बल पर लूटपाट व छीना झपटी करने के मामले में प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंपा गया है।
सीआईए टू बहादुरगढ़ प्रभारी निरीक्षक विवेक ने बताया कि मनोहर हसन निवासी जिला बागपत उत्तर प्रदेश ने शिकायत दी थी कि 7 जून 2022 को वह कंडक्टर अमर सिंह के साथ अपनी गाड़ी को बागपत से खाली करके केएमपी से होते हुए सीमेंट भरने के लिए बहरोड़ जा रहे थे। गाड़ी को केएमपी पर बने इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप से पहले रोककर दोनों गाड़ी में आराम करने लगे। कुछ देर बाद गाड़ी में 5/6 लोग गए। उन्होंने दोनों को सोते हुए दबोच लिया। पिस्टल लगाकर गोली मारने की धमकी देकर उन्हें काबू कर लिया। उनमें से एक व्यक्ति गाड़ी को चलाने लगा। उन्होंने उसे व कंडक्टर को उतारकर साथ चल रही गाड़ी में बैठा लिया और दोनों के मोबाइल फोन व 32 हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद मौके से फरार हो गए। शिकायत पर थाना बादली में मामला दर्ज किया गया। उक्त मामले में एक आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर काबू किया गया। आरोपी की पहचान अल्ताफ उर्फ राहुल निवासी जिला फरीदाबाद के रूप में हुई। आरोपी को भरतपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट लाया गया। बहादुरगढ़ अदालत में पेश किया गया। आरोपी को पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उसे पुन: अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।