बहादुरगढ़। लाइनपार विकास नगर में एक तेज रफ्तार कार ने बच्ची को टक्कर मार दी, इसके चलते उसके पांव में गंभीर चोट आई है। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ लाइन पार थाने में केस दर्ज किया गया है। गाड़ी का नंबर पुलिस को मिल गया है। इस आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
घायल बच्ची की उम्र करीब दस वर्ष है। पुलिस को दी शिकायत में फोर्ट एशिया के निवासी सतीश कुमार का कहना है कि मंगलवार की शाम को वह बच्ची को स्कूल से घर लेकर जा रहे थे। बराही फाटक से कुछ दूर एक परचून के स्टोर पर सामान खरीदने के लिए रुक गए। जब स्टोर की ओर बढ़ रहे थे तो अचानक तेज रफ्तार में एक कार आई और उसकी बेटी के दोनों पांवों को कुचलते हुए आगे बढ़ गई। हादसे के बाद गाड़ी सवार तुरंत मौके से चंपत हो गया। इसके बाद उसने अपनी बेटी लवलीन को संभाला और सरकारी अस्पताल में लेकर गया। यहां से उसे रेफर कर दिया गया। परिजनों ने मरीज की स्थिति को देखते हुए उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। वहीं सूचना पाकर लाइनपार थाने से पुलिस अस्पताल में पहुंची और परिजनों से बयान दर्ज कराए। बयान के आधार पर गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि तफ्तीश की जा रही है। जल्द से जल्द आरोपी को काबू कर कार्रवाई की जाएगी।