झज्जर। सामाजिक आयोजन में हिंसा पर उतारू होना ठीक नहीं है। सभ्य समाज में पूरी तरह से यह अमान्य और अस्वीकार्य है। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने रविवार को झज्जर में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में भाजपा नेता संत सुरेहती के साथ हुई मारपीट की घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कही।
उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपियों की ठीक से पहचान कर कानून को पूरी सख्ती से अपना कार्य चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी असामाजिक हरकत करने की हिम्मत न रहे। धनखड़ ने कहा कि सामाजिक कार्य सभी के साझा कार्यक्रम होते हैं और सर्व समाज के हित के लिए आयोजित होते हैं।
सामाजिक कार्यों की सफलता और असफलता भी सबकी साझा होती है। इसलिए समाज के प्रबुद्ध जनों की जिम्मेदारी बनती है कि ऐसे असामाजिक तत्वों को सामाजिक रूप से कड़ा संदेश दें ताकि भविष्य में ऐसी हरकत करने से पहले सौ बार सोचें।