कस्बे में गुड़गांव चौक पर बार-बार हाइटेंशन तार टूटने से लोगों में रोष है। बुधवार को दुकानदारों और ग्रामीणों ने इकट्ठे होकर रोष प्रकट किया व बिजली निगम से पुरानी तारें बदलने की मांग की। निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को जल्द से जल्द तारें हटवाने का आश्वासन दिया।
गुड़गांव चौक पर हाईटेंशन तारों की लाइन गुजरती हैं। जो बार-बार टूटकर किसी न किसी हादसे का कारण बन जाती है। इसी चौक पर कई दुकानें हैं और रेहड़ी वाले भी रेहड़ी लगाकर सामान बेचते हैं। पुरानी व कमजोर होने के कारण ग्रामीणों में तारें टूटने का भय है। दुकानदार संजय, श्रवण, हरेंद्र, अन्नु, बबलू, सोनू और रविंद्र ने बताया कि सिर पर हमेशा मौत का साया मंडराता है, क्योंकि तार पूरी तरह से जर्जर हालत में है। एक तरह से मौत के साए में दुकानदारी करनी पड़ रही है। इसी चौक पर दिनभर सैकड़ों की संख्या में सवारियां भी खड़ी होकर बसों का इंतजार करती है। सवारियों में ऊपर से जर्जर हालत की हाईटेंशन लाइन होने के चलते ज्यादा डर बना रहता है।
एसडीई खूबचंद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही पुराने तारों को बदलवाने का काम शुरू करा दिया जाएगा। प्राथमिकता के आधार पर उन तारों को ठीक कराया जाएगा, जो ज्यादा जजर्र हालत में है।
हो चुके हैं कई हादसे
गुड़गांव रोड पर हाईटेंशन तारों के टूटने से कई हादसे हो चुके हैं। बीती रात जहां एक युवक अजीत तारों की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया था, वहीं कुछ दिन पहले तार टूटकर रेहड़ियों के ऊपर गिर गया था जिससे काफी नुकसान हुआ था। कई रेहड़ियों का सामान जलकर राख हो गया था। बीती रात को एक बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि चौक पर एक युवक ही था जिसे गंभीर हालत में दिल्ली अस्पताल में भर्ती कराया गया हालांकि अब युवक की हालत सामान्य बताई जा रही है।