नाहरा-नाहरी मार्ग पर अधिकारियों के सामने मटका फोड़कर प्रदर्शन करती बामड़ोली की महिलाएं।
बहादुरगढ़। पेयजल समस्या से परेशान बामड़ोली के ग्रामीणों ने वीरवार सुबह साढ़े 10 बजे नाहरा-नाहरी मार्ग को ढाई घंटे जाम कर दिया। महिलाओं ने गुस्से में आकर सड़क पर मटके फोड़कर अपना रोष जताया। लगभग ढाई घंटे तक लगाए गए जाम से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलते ही थाना लाइनपार पुलिस और जलापूर्ति विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराया। इसके बाद ग्रामीणों ने रास्ता खोला।
बामड़ोली गांव की महिला सुमित्रा, रामधारी, अंगूरी, भतेरी देवी ने बताया कि भीषण गर्मी में वे पेयजल को तरस रहे हैं। न तो अधिकारी कोई सुनवाई कर रहे हैं और न ही नेता। पिछले एक सप्ताह से गांव में पीने के पानी की सप्लाई नहीं आई है। कभी-कभार पानी आता भी है तो वह बिल्कुल गंदगी भरा होता है। उसे पीना तो दूर मुंह तक ले जाना भी मुश्किल होता है। पीने का पानी न मिलने के कारण उन्हें भयंकर समस्या से जूझना पड़ रहा है। इधर-उधर दौड़ लगाकर पीने का पानी लाना पड़ता है। गांव के सरपंच प्रतिनिधि काला प्रधान ने बताया कि गांव की पंचायत ने जलघर और पेयजल पाइपलाइन के लिए प्रस्ताव पास कर जल आपूर्ति विभाग को दे रखा है, लेकिन विभाग ने उस पर कोई काम शुरू नहीं किया है। वहीं जाम लगने की सूचना मिलने के बाद डीएसपी राजेंद्र सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। जलापूर्ति विभाग के जेई दीपक भी ग्रामीणों के बीच पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। जलापूर्ति विभाग के जेई दीपक ने ग्रामीणों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। उधर, ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही समस्या का निदान नहीं हुआ तो वे फिर से सड़कों पर उतरेंगे और जाम कर देंगे।