झज्जर। गांव रायपुर में जिला प्रशासन की तरफ से लगे रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों ने घरों के ऊपर से गुजर रही 11 केवी की लाइम को हटवाने की मांग रखी। इस दौरान एडीसी जगनिवास ने संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव में पेयजल आपूर्ति साफ नहीं आती। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता करवाई जाए। एडीसी ने जन स्वास्थ्य विभाग को पानी फील्टर करवाकर आपूर्ति करने के आदेश दिए। ग्रामीणों ने बताया कि प्राइमरी स्कूल में कई सफेदे के पेड़ लगे हुए हैं।
बारिश व तेज हवा के दौरान पेड़ आसपास के घरों पर गिरने का खतरा रहता है। इसके अलावा बारिश के समय करंट की संभावना बनी रहती है। पेड़ों की छंटाई करवाई जाए। इसके अलावा कुछ ग्रामीणों ने बीपीएल प्लॉट जरूरतमंदों को दिलाने की मांग भी रखी।
एडीसी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुन मौके पर समाधान किया। इससे पहले गांव रायपुर पहुंचने पर एडीसी जगनिवास, डीसीपी लोगेश कुमार पी सहित अन्य अधिकारियों का ग्रामीणों ने पगड़ी व फूलमालाओं के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम में गांव रायपुर, गिजड़ौद, सहित आसपास के ग्रामीणों ने सड़क, जल निकासी, बीमा, आंगनबाड़ी भवन, पशु बिजली और शिक्षा से जुड़ी समस्याएं खुलकर रखीं। एडीसी ने मौके पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर अधिकांश शिकायतों का समाधान कराया।
इस अवसर पर एसीपी सुरेंद्र कुमार, एसडीएम अंकित कुमार चौकसे, डीडीपीओ निशा तंवर, एलडीएम विजय सिंह, एक्सईएन जन स्वास्थ्य अश्विनी सांगवान, डीईओ रतिंद्र सिंह मौजूद रहे।
लोगों को किया जागरूक
पुलिस उपनिरीक्षक अनिल कुमार ने ग्रामीणों को यातायात नियमों के पालन, साइबर फ्रॉड से बचाव व नशामुक्त जीवन की आवश्यकता पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 नंबर पर शिकायत करें। इसके अलावा 112 की जानकारी दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों व स्टॉलों से किया जागरूक
कार्यक्रम में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की कलाकार मंडली ने हरियाणवी लोकगीतों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से स्वच्छता पखवाड़ा, नशा मुक्ति और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों को जागरूक किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाकर 4 दर्जन ग्रामीणों की शुगर, बीपी और सामान्य जांच की और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं।