कसार में मुकेश के बेटे और परिजनों को सांत्वना देते सांसद।
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। मुकेश की मौत के मामले में रविवार को सांसद डॉ. अरविंद शर्मा कसार गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मृतक के बेटे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। वहीं, ग्रामीणों ने उनसे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। इस पर उन्होंने कहा कि वे ग्रामीणों की मांग को केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष रखेंगे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। उनके साथ पूर्व विधायक नरेश कौशिक, मुकेश शर्मा व बिजेंद्र गांधरा थे।
ग्रामीणों ने सांसद से कहा कि हाल ही में पश्चिम बंगाल की युवती के साथ दुष्कर्म व हत्या के मामले की जांच भी सीबीआई के दायरे में हो, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके। इस दौरान सरपंच टोनी कुमार व मृतक मुकेश के परिजनों ने सांसद के समक्ष मामले की सीबीआई से जांच करवाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि कुछ असामाजिक तत्व आंदोलन के नाम पर गलत काम कर रहे हैं, जिनके खिलाफ करवाई की जाए। सांसद ने आंदोलनकारियों को अपराधी कहने के एक सवाल पर उन्होंने कहा कि अपराधी की कोई जाति और कोई धर्म का हो सकता है। वह लोगों से नहीं बल्कि अपराध से ताल्लुक रखता है। उसकी प्रवृत्ति खराब होती है। कसार से पहले सांसद शर्मा कुछ देर के लिए बहादुरगढ़ के गोरैया पर्यटन केंद्र में ठहरे।
‘सरकार किसानों के खिलाफ नहीं’
कसार गांव में सांसद शर्मा ने किसान आंदोलन को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के खिलाफ नहीं है। बातचीत करने के लिए केंद्र सरकार हर समय तैयार है। आधी रात को भी सरकार किसानों की भलाई के लिए हाजिर है। उन्होंने कहा कि आंदोलन में इस तरह असामाजिक तत्वों का शामिल होना नियम विपरीत है। सांसद ने मौके पर ही पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की और मौत के बारे में रिपोर्ट ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।