फोटो 71: भूख हडताल पर बैठे ग्रामीणों से बातचीत करते विधायक कुलदीप वत्स। (संवाद
बादली। गांव जहांगीरपुर में फिरनी को पक्का बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों की भूख हड़ताल शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रही। धरना स्थल पर अनशन पर बैठे दीपक शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों के स्वास्थ्य की चिकित्सकों की टीम ने जांच की।
धरना स्थल पर बादली के विधायक कुलदीप वत्स भी पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मांग को उचित बताते हुए कहा कि वह गांव की फिरनी के निर्माण के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को संबंधित विभाग और सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।
गांव के बस स्टैंड पर चल रहे धरने में बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं की बड़ी संख्या शामिल रही। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले पांच दिनों से वे शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग को लेकर बैठे हैं। उनका आरोप है कि फिरनी की जर्जर हालत के कारण आवागमन प्रभावित होता है और बरसात में स्थिति और गंभीर हो जाती है।