08jjrp07- मातनहेल वाल्मीकि बस्ती की गली में जमा गंदा पानी दिखाते लोग। स्रोत-ग्रामीण
अवैध कब्जा न हटने के कारण हो रही समस्या
साल्हावास। क्षेत्र के गांव मातनहेल की वाल्मीकि बस्ती के लोग अवैध कब्जा के चलते दूषित पानी की निकासी न होने के कारण कीचड़ से निकलने को मजबूर हैं।
पंचायत ने प्रयास किया लेकिन अवैध कब्जे स्थाई समाधान में बाधा पहुंचा रहे हैं। सरपंच प्रतिनिधि कैप्टन बिजेंद्र सिंह ने बताया कि लगभग 20 लोगों ने गली के दोनों तरफ कब्जे किए हुए थे जिसमें से 12 लोगों ने अवैध कब्जे हटा लिए लेकिन 8 लोगों की हठधर्मिता के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दोनों पक्ष के लोग एक-दूसरे पक्ष पर आरोप प्रत्यारोप लगा देते हैं। जब पानी निकासी के लिए मोटर लगाकर पानी निकालते हैं तो दूसरी तरफ के लोग कहते हैं कि मोटर उस तरफ लगाई जाए। मोटर दूसरी तरफ लगाई जाती है तो पहला पक्ष विरोध जताता है।
बस्ती में लगातार दूषित पानी खड़ा रहने के कारण लोगों के स्वास्थ्य के ऊपर भी बुरा असर पड़ रहा है। मच्छर मक्खियां भिनभिनाने रहते हैं। लोग पानी निकासी को लेकर चिंतित भी हैं लेकिन समाधान होता नजर नहीं आ रहा है।
यह मामला डीआरओ कोर्ट में भी लंबित बताया जा रहा है। सरपंच विजय लता का कहना है कि लोगों की आम समस्या को देखते हुए इस जल्द ही इस पर कोर्ट को भी निर्णय देना चाहिए ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।