बहादुरगढ़। सेवा, सुरक्षा और सहयोग का दावा करने वाली हरियाणा पुलिस लगातार सुर्खियों में रहती है। शुक्रवार को भी बहादुरगढ़ में सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों की मंडी से विक्रेताओं से सब्जी फ्री में लेते हुए वीडियो वायरल हो गया। यह वीडियो एक दुकानदार की ओर से वायरल किया गया। सब्जी विक्रेताओं से भी जब इसकी जानकारी ली तो उन्होंने भी पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया। वहीं डीएसपी पवन शर्मा ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।
दरअसल बहादुरगढ़ में कोरोना काल के दौरान मंडी बंद होने के कारण झज्जर रोड पर सब्जी मंडी लग रही है। इस मंडी में एक बाइक पर दो पुलिसकर्मी सब्जी लेने के लिए पहुंचते हैं। वे अलग-अलग सब्जी विक्रेताओं से कई तरह की सब्जियां लेते हैं, लेकिन सब्जी लेने के बदले वे दुकानदार को पैसे नहीं देते। इस तरह का एक वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर छाया रहा।
वायरल वीडियो के बाद सब्जी विक्रेताओं से भी इस संबंध में जानकारी लेने की कोशिश की तो विक्रेता एक बार तो कुछ भी बोलने से कतराने लगे, लेकिन तुरंत ही अन्य सब्जी विक्रेता ने झट से जवाब दिया कि पुलिस वाले उनके पास आते हैं और फ्री में सब्जी लेकर चले जाते हैं। प्रतिदिन मंडी में उनके पास नए-नए पुलिस कर्मचारी पहुंचते हैं। शुक्रवार को भी उनके पास एक बाइक पर दो पुलिस कर्मचारी पहुंचे थे। उन्होंने मटर, टमाटर और सामान के पैसे नहीं दिए।
सब्जी विक्रेताओं के मुताबिक सप्ताह में वे दो-तीन दिन आते हैं। कई बार दो पुलिसकर्मी आते हैं तो कई बार चार पुलिस कर्मचारी सब्जी लेने के लिए पहुंचते हैं। ऐसा नहीं है कि उक्त पुलिसकर्मी केवल एक दुकानदार से सब्जी लेते हैं बल्कि पूरी सब्जी मंडी में अलग-अलग दुकानदारों से सब्जी लेकर जाते हैं। मांगने पर भी पुलिस कर्मचारी पैसे नहीं देते।
सब्जी व्रिकेता पवन ने बताया कि शुक्रवार को उन्होंने टमाटर की रेहड़ी लगाई थी। उस दौरान एक पुलिस कर्मचारी उनके पास पहुंचा और रेहड़ी पर तराजू में रखे तीन-चार किलो टमाटर ले गया। उधर एक अन्य सब्जी विक्रेता ने कहा कि वे पुलिस वालों से बेहद ही परेशान हैं। उनसे भी पुलिसकर्मी पांच किलो आलू ले गया है। उक्त पुलिसकर्मी को उन्होंने पहचान लेने की बात कही, लेकिन नाम नहीं बता सके। जब सब्जी विक्रेता ने पुलिसकर्मी से आलू लेने के बदले पैसे देने की बात कही तो उन्होंने कहा कि धरदे, धरदे। इसके बाद उक्त पुलिस कर्मी चलता बना।
इसलिए नहीं करते शिकायत
झज्जर रोड पर सब्जी विक्रेताओं ने कहा कि वे इसकी शिकायत अधिकारियों को इसलिए नहीं करते कि बाद में पुलिसकर्मी उनकी दुकान यहां नहीं लगने देंगे और वे उनके साथ मारपीट करेंगे। इससे उन्हें डर लगता है।
जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
मीडिया के माध्यम से जो जानकारी मिली है। उसमें दो पुलिसकर्मी सब्जी लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसकी जांच की जाएगी। इसके बाद जो भी दोषी पुलिस कर्मचारी होगा। उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-पवन शर्मा, डीएसपी, बहादुरगढ़।