झज्जर। हरियाणा और विदर्भ की टीम के बीच खेले गए कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के मैच में विदर्भ की टीम ने पारी और 216 रनों से जीत दर्ज की है। मैच में झज्जर के सेक्टर-6 निवासी सामंत जाखड़ का निराशाजनक प्रदर्शन रहा।
नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम जामथा के ग्राउंड पर हरियाणा और विदर्भ की टीम के बीच कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी का मैच खेला गया। विदर्भ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 536 रन बनाए। इसके बाद हरियाणा की टीम अपनी पहली पारी में 165 रनों पर ऑल आउट हो गई।
वहीं, बाद में विदर्भ की टीम ने हरियाणा को फाॅलो ऑन दे दिया। इस दौरान हरियाणा की टीम अपनी दूसरी पारी की बल्लेबाजी करने के लिए मैदान में उतरी। दूसरी पारी में भी हरियाणा शुरुआत खराब रही। इसके बाद हरियाणा की टीम अपनी दूसरी पारी में 155 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस दौरान बल्लेबाजी में अर्श रंगा ने 85 रन बनाए।
वहीं, गेंदबाजी में गौरव ने छह विकेट हासिल किए। गौरव ने पहली पारी में सात विकेट लिए थे। इस दौरान मैच में सामंत जाखड़ का निराशाजनक प्रदर्शन रहा। पहली पारी में सामंत ने 24 रन बनाए थे। इसके बाद दूसरी पारी में सामंत तीन रन पर आउट हो गया। इसके अलावा सामंत को गेंदबाजी में भी कोई विकेट हासिल नहीं हुआ।