झज्जर। आयुष्मान भव: अभियान के तहत 13 से 31 सितंबर तक राष्ट्रव्यापी सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसमें स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष टीकाकरण होगा। पात्रों को आयुष्मान कार्ड का वितरण होगा। रक्तदान शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर डीसी और स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की।
डीसी ने बताया कि इस अभियान की शुरूआत राष्ट्रपति 13 सितंबर को करेंगी। डीसी ने बताया कि 13 सितंबर को जिला झज्जर के सभी जिला, खंड व सीएचसी,पीएचसी, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्तर पर इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। सेवा पखवाड़े के दौरान प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत सभी शेष पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड के वितरण का अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र लाभार्थी इस योजना से न छूटे। इस दौरान आयुष्मान के लाभार्थियों की सूची भी लगाई जाएगी तथा जिन लाभार्थियों ने इसका लाभ लिया है। उनके बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
इसका मकसद लोगों में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाना है। उन्होंने बताया कि दो अक्टूबर को आयुष्मान सभा में स्वच्छ भारत अभियान के तहत ग्राम पंचायत सदस्यों के सहयोग से सभी सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं पर स्वच्छता अभियान चलाया चलाया जाएगा। नागरिकों को अंगदान का संकल्प लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। उपायुक्त शक्ति सिंह ने बताया कि आयुष्मान मेले में साप्ताहिक मेले के दौरान लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी तथा उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। इस दौरान विभिन्न बीमारियों की जांच तथा इलाज के अलावा टीकाकरण भी किया जाएगा। बड़े स्तर पर रक्तदान के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा तथा रक्तदान कैंप भी लगाए जाएंगे। इस अवसर पर एडीसी सलोनी शर्मा, सिविल सर्जन डॉ ब्रहदीप सिंह , वरिष्ठ चिकित्सक डाॅ. टीएस बागड़ी,डिप्टी सीएमओ डॉ मनोज सैनी डीडीपीओ ललिता वर्मा, सीडीपीओ प्रियंका रानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।