झज्जर। 25 मई को होने वाले लोकसभा आम चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदान के बाद नीली स्याही लगी उंगली के साथ सेल्फी निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अपलोड करने वालों को लक्की ड्रॉ के माध्यम से पुरस्कृत किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय हरियाणा की ओर से ये व्यवस्था की गई है। जिला स्तर पर ड्रॉ के माध्यम से प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर आने वाले विजेताओं को क्रमश: 10 , 5 हजार और दो हजार पांच सौ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी शक्ति सिंह ने जिले के सभी मतदाताओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील करते हुए लोकतंत्र के महापर्व में अपना राष्ट्र धर्म निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि जिस स्कूल के विद्यार्थी सबसे अधिक सेल्फी अपलोड करेंगे, उस स्कूल को भी 25 हजार रुपए का विशेष पुरस्कार दिया जाएगा। सेल्फी अपलोड करने के लिए पोर्टल पर एक लिंक बनाया गया है, जो कि मतदान के दिन यानी शनिवार, 25 मई को खुलेगा। लिंक प्रात: 7 बजे से रात्रि 8 बजे तक चलेगा। इस पर सेल्फी अपलोड की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य न केवल इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ाना है बल्कि स्कूली बच्चे, जो भावी मतदाता बनेंगे, उन्हें अभी से मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करते हुए सजग करना है।