नया गांव बाइपास से चुराए गए ट्रक को एक व्यक्ति बहादुरगढ़-सांपला तक के बीच रास्ते में दौड़ता रहा। तेज गति में होने से ट्रक कई वाहनों से जा टकराया।
जिसमें पांच व्यक्तियों को चोटें आईं। घायलों को राहगीरों ने पुलिस की मदद से ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। थाना सदर पुलिस के अनुसार, किसी शख्स ने नया गांव बाइपास से एक ट्रक चुरा लिया।
इसके बाद वह ट्रक को लेकर सांपला की ओर दौड़ पड़ा। रास्ते में पकड़े जाने के भय से चालक ट्रक को तेज चलाता रहा। जिससे कई दफा ट्रक अनियंत्रित होकर कई वाहनों से जा टकराया। चालक ट्रक को लेकर सांपला क्षेत्र तक पहुंचा। जहां एक-दो वाहनों से ट्रक के टकराने की बात सामने आई।
इसके बाद चालक ट्रक को वापस बहादुरगढ़ की तरफ लेकर आने लगा लेकिन सांपला व बहादुरगढ़ बाइपास के बीच में ही उसने दो-तीन कारों में भी टक्कर दे मारी। जिससे उनमें सवार दिल्ली निवासी एक ही परिवार के बिछवा, कुणाल, सुशीला व पवन चोटिल हो गए। अजीत नामक व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। सभी घायलों का ट्रॉमा सेंटर में प्राथमिक इलाज किया गया।
यहां से अजीत को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। ट्रक के बहादुरगढ़ व सांपला के बीच में पुलिस की गाड़ी से भी टकराने की बात सामने आई है।
लेकिन पुलिस इसको लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं कर रही। इस बारे में थाना सदर प्रबंधक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रक चोरी करके ले जाने की सूचना पर पुलिस जांच कर रही है। ट्रक की टक्कर से कुछ व्यक्तियों को भी चोटें आईं हैं। उनके बयान लेने के लिए पुलिस जुटी हुई है। मामले की जांच की जा रही है।